धनबाद(DHANBAD) - धनबाद के भूदा महावीर नगर में रहने वाले युवक वीरू भारती को वाहनों में आग लगाने की सनक है. वह रात के अंधेरे में निकलता था और सड़क के किनारे या मोहल्ले में खड़े वाहनों में आग लगाकर वाहनों को जलता हुआ देख खुश होता था. पिछले एक सप्ताह में वह शहर के 9 गाड़ियों में आग लगा चुका है. सूत्रों के अनुसार रविवार की रात भी उसने 7 गाड़ियों में आग लगा दी. जिनमें 4 कार, दो ऑटो और एक बाइक शामिल है. उसके बाद वह हेड पोस्ट ऑफिस के पास स्थित एक होटल के सामने खड़ी महंगी गाड़ी में आग लगाते पुलिस के हत्थे चढ़ गया.
पुलिस ने पूछताछ की तो आग लगाने की बात कबूली
पुलिस ने जब कड़ाई से पूछताछ की तो गाड़ियों में आग लगाने की बात स्वीकार कर ली. पुलिस को उसने बताया कि गाड़ियों को जलता देख उसे अच्छा लगता था. आरोपी की स्कूटी पुलिस ने रेलवे कॉलोनी से बरामद किया है. ऑटो चालक अभिषेक दास की लिखित शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई है ,पुलिस टीम का कहना है कि वह लाइटर के सहारे गाड़ियों में आग लगाता था. बता दें कि गाड़ियो में आग लगने की घटनाओ से गाड़ी मालिक परेशान थे. उन्हें समझ में नहीं आ रहा था कि वाहन क्यों जल रहे है. लोगो को संदेह हो रह था कि कहीं किसी तकनीकी खराबी से तो नहीं गाड़ियां जल रही है.
रिपोर्ट :सत्य भूषण ,धनबाद
