देवघर (DEOGHAR) - बसंत पंचमी पर बाबा मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा मुहैया कराने को लेकर जिला प्रशासन ने कमर कस ली है. देवघर मंदिर में बसंत पंचमी के अवसर पर अपार भीड़ जुटने की संभावना है. भीड़ को नियंत्रित करने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है. देवघर उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री,एसपी धनंजय कुमार सिंह ने सभी सम्बंधित अधिकारियों के साथ मंदिर सहित रुट लाइन में तैयारियों का जायजा लिया.
वैक्सीनेशन सर्टिफिकेट होगा अनिवार्य
मौके पर उपायुक्त ने बताया कि बसंत पंचमी के मौके पर बाबा मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को जगह जगह ठहराव,पेयजल, शौचालय और चिकित्सा की व्यवस्था उपलब्ध कराई जाएगी. उपायुक्त ने बताया कि अगर ठंड ज्यादा रहेगी तो उन्हें अलाव भी मुहैया कराई जाएगी. लेकिन इस दौरान कोविड के नियमों का अनुपालन भी सुनिश्चित किया जाएगा. साथ ही उपायुक्त ने बताया कि दोनों डोज़ लेने वालों को ही मंदिर में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी. मास्क और वैक्सीनेशन सर्टिफिकेट अनिवार्य रूप से चेक किया जाएगा. उपायुक्त के साथ देवघर एसपी और अधिकारियों के दल ने मंदिर से श्रद्धालुओं की लगने वाली कतार के रुट लाइन का भी जायजा लिया. पूरी रुट लाइन पर सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था रखने का निर्णय लिया गया है. इसके लिए अतिरिक्त सुरक्षा बल की तैनाती भी की जाएगी. वहीं 5 फरवरी को बसंत पंचमी है. लेकिन 4 से 6 तारीख तक अपार भीड़ जुटने की संभावना को देखते हुए प्रशासन द्वारा तैयारी शुरू की गई है.
रिपोर्ट : रितुराज सिन्हा, देवघर
