चाईबासा (CHAIBASA) - नक्सली शीर्ष नेता प्रशांत बोस और शीला मरांडी की गिरफ्तारी के बाद उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा देने की मांग पर नक्सलियों ने झारखंड-बिहार बंद का आह्वान किया है. इस एक दिवसीय नक्सली बंदी को लेकर सारंडा के गुवा, बड़ाजामदा औऱ किरीबुरू में कोई असर नहीं पड़ा. आम दिनों की तरह सभी जगह दुकानें खुली रही. लंबी दूरी की बसें गुवा से टाटा जाने वाली सभी अपने निर्धारित समय से गुवा से रवाना हुई. वहीं बड़ाजामदा और किरीबुरू में भी अपने निर्धारित समय पर बस टाटानगर जाने के लिए रवाना हुई.
कोई अप्रिय घटना का समाचार नहीं
नक्सलियों द्वारा आहूत एक दिन के बंदी पर गुवा प्रशासन जगह-जगह गश्त लगाते हुए देखे गए. वहीं गुवा थाना प्रभारी अनिल कुमार यादव आने जाने वाले वाहनों और लोगों पर विशेष नजर रखते हुए देखे गए. ताकि नक्सलियों द्वारा कहीं कोई बड़ी घटना को अंजाम ना दिया जा सके. साथ ही गुवा सेल खदान में आयरन ओर उत्खनन का कार्य चलता रहा. खबर लिखे जाने तक कहीं से कोई अप्रिय घटना का समाचार नहीं मिला.
रिपोर्ट : संदीप गुप्ता, चाईबासा (गुवा)
