धनबाद(DHANBAD) - वासेपुर के गैंगस्टरों पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस हर प्रयास कर रही है. अभी सभी इलाका छोड़ कर भागे हुए हैं. पुलिस अब अमन पसंद लोगों को भरोसे में लेकर गैंग्स को तहसनहस करने की कोशिश कर रही है. वासेपुर के लोगों को भरोसे में लेने के लिए धनबाद जिला पुलिस आज 36 साल बाद सामुदायिक पुलिसिंग कार्यक्रम के तहत वासेपुर पहुंची. वासेपुर में पुलिस ने कंबल वितरण के साथ-साथ भोजन का भी कार्यक्रम आयोजित हुआ.
जनता की दोस्त है धनबाद पुलिस-एसएसपी
इस मौके पर एसएसपी संजीव कुमार ने कहा कि पुलिस जनता की दोस्त है, यही बताने के लिए आज हम लोग वासेपुर में आए हुए हैं. कुछ लोग यहां के अमन पसंद लोगों के दुश्मन हैं और वही लोग पुलिस के भी दुश्मन हैं. इसलिए पुलिस अमन पसंद लोगों की मदद से उन दुश्मनों की पहचान कर उन पर कार्रवाई करने की मनसा से यहां पहुंची है. वासेपुर में टीओपी के लिए भी प्रयास किया जा रहा है. यह जगह ऐसा होगा, जहां से पुलिस अधिकतर लोगों को सहयोग कर पाएगी. इस कार्यक्रम का एक और मुख्य उद्देश्य है कि आम नागरिकों और पुलिस के बीच की दूरी को कम किया जा सके. स्थानीय निवासी जूनी परवीन ने कहा कि अब हम लोग यह नहीं चाहते कि बाहर में कहीं वासेपुर का नाम बदनाम हो ,वासेपुर की छवि अच्छी बने. पुलिस और प्रशासन सही और गलत की जांच कर गलत लोगों को सलाखों के पीछे भेजे.
रिपोर्ट : अभिषेक कुमार सिंह ,ब्यूरो हेड,धनबाद
