चतरा (CHATRA) : चतरा के चर्चित कल्याण विभाग में छात्रवृत्ति घोटाला कांड के आरोपी काशी प्रसाद को चतरा पुलिस ने पलामू जिला से गिरफ्तार किया है. गौरतलब है कि वर्ष 2018 में चतरा जिला के छात्रवृत्ति घोटाले में करीब 9 करोड़ 33 लाख रुपए का गबन हुआ था, जिसके एक प्रमुख आरोपी काशी प्रसाद को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. इस मामले में तत्कालीन जिला कल्याण पदाधिकारी आशुतोष कुमार की पहले ही गिरफ्तारी हो चुकी है. बता दें कि काशी प्रसाद कल्याण विभाग में प्रधान लिपिक के पद पर कार्यरत थे. चतरा के एसडीपीओ अविनाश कुमार ने बताया कि सदर थाना कांड संख्या 165/18 के तहत सदर थाना में ये कांड दर्ज किया गया था. इसके बाद पुलिस लगातार इस आरोपी के छापेमारी का प्रयास कर रही थी, लेकिन पुलिस को सफलता आज मिली और अब आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है.
रिपोर्ट: संतोष कुमार, चतरा
