गुमला(GUMLA): जिले में प्रशासन द्वारा लोगों को कोरोना के टीकाकरण के लिए लगातार प्रेरित किया जा रहा है. इसे लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर प्रशासनिक पदाधिकारी लगातार कैम्प कर रहे हैं. जिले के डीसी शिशिर कुमार सिन्हा द्वारा जिला के विभिन्न प्रशासनिक पदाधिकारियों को ब्लॉक का वरीय प्रभार देकर टीकाकरण के कार्य को तेज करने का काम किया जा रहा है. जिला प्रशासन द्वारा लोगों को समझाया जा रहा है कि टीकाकरण के माध्यम से ही कोरोना के तीसरे फेज से बचाव किया जा सकता है. बिशुनपुर के अंचलाधिकारी धनंजय तिवारी इसे लेकर गांव-गांव में कैम्प का आयोजन कर लोगों को टीकाकरण के लिए प्रेरित कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि किसी परिवार में एक भी व्यक्ति टीकाकरण से बच जाता है तो पूरे परिवार पर खतरा है. इसलिए सभी को टीकाकरण करवाने की आवश्यकता है.
वहीं इस अभियान में लगे शिक्षक विनय तिवारी की मानें तो लगातार उन लोगो के द्वारा भी ग्रामीणों को टीकाकरण के लिए जागरूकता की जा रही है. उन लोगों द्वारा भी गांव में कैम्प किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि प्रशासनिक पदाधिकारियों का अभियान तब तक सफल नहीं हो सकता है, जब तक लोगों में इस अभियान को सफल बनाने की सोच नहीं बन पाएगी. इसलिए टीकाकरण को आवश्यक समझकर सावधानी के साथ ही करवाया जाए.
रिपोर्ट: सुशील कुमार सिंह, गुमला