धनबाद (DHANBAD) : धनबाद के कतरास निवासी सुमित तुरी की धनबाद जेल में मौत हो जाने के बाद गुस्साए परिजनों ने कतरास थाना चौक को जाम कर दिया. जाम करने वाले कतरास पुलिस पर मृतक को चार दिन तक थाने में रखकर मारपीट करने का आरोप लगा रहे थे. सड़क जाम की सूचना पर बाघमारा एसडीपीओ निशा मुर्मू घटनास्थल पर पहुंची और जाम कर रहे लोगों को न्यायोचित कार्रवाई का भरोसा दिया. परिजनों का कहना है कि एक माह पूर्व कतरास पुलिस ने लोहा चोरी के आरोप में सुमित को गिरफ्तार कर जेल भेजा था. थाने में रखकर उसके साथ मारपीट की गई थी. बाघमारा एसडीपीओ का कहना है कि मामला पुराना है, मौत मारपीट से हुई या बीमारी से, यह जांच के बाद ही पता चलेगा. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सच्चाई सामने आ सकती है कि मौत का असली कारण क्या है, उसके बाद अगर पुलिस वाले दोषी पाए जाएंगे तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
रिपोर्ट: अभिषेक कुमार सिंह, ब्युरो हेड, धनबाद
