हजारीबाग (HAZARIBAGH) : हजारीबाग पुलिस ने टैंकर में छिपाकर 150 किलो गांजा लेकर जाने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया है. इसमें धर्म सिंह, राहुल तिवारी, सतीश कुमार और मोहम्मद राजा शामिल हैं. सभी आरोपी ने टैंकर में गांजा ले जाने के लिए विशेष व्यवस्था कर रखी थी. पुलिस कि जानकारी के मुताबिक टैंकर में पंजाब का नंबर था, जिसमें गांजा तस्कर गांजा लेकर जा रहा था. पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान गांजा बरामद कर लिया है. हजारीबाग पुलिस का कहना है कि गांजा तस्करों के खिलाफ ये बड़ी सफलता है. झारखंड और बिहार के रास्ते से गांजा लगातार पंजाब और हरियाणा जा रहा है. पुलिस को कई गांजा तस्करों का नाम पता चला है. सभी की तलाश में छापेमारी चल रही है. गांजा उड़ीसा से आ रहा है, और ये अन्य कई राज्यों में भी पहुंच रहा है. राजधानी रांची में भी पुलिस ने 86 किलो गांजा बरामद किया है. हालांकि, इस मामले में किसी की भी गिरफ्तारी नहीं हो पाई थी. गांजा तस्करों के खिलाफ झारखंड में अभियान चलाया जा रहा है.
रिपोर्ट: समीक्षा सिंह, रांची डेस्क
