दुमका (DUMKA): जिले के नगर थाना क्षेत्र के रसिकपुर स्थित तेलीपाड़ा से पुलिस ने शराब की पेटियों से भरी एक बोलेरो कार को जब्त किया है. वहीं इसके साथ एक खाली बोलेरो कार को भी पुलिस ने जब्त किया है. सदर एसडीपीओ नूर मुस्तफा को सूचना मिली कि तेलीपाड़ा मोहल्ले में दो बोलेरो लावारिस अवस्था में पड़ी हुई है. सूचना मिलते ही दल-बल के साथ एसडीपीओ घटनास्थल पर पहुंचे और दोनों बोलेरो को कब्जे में ले लिया. बोलेरो का शीशा तोड़ा गया तो उसके अंदर शराब की पेटियां भरी हुई थी, जबकि दूसरा बोलेरो खाली पड़ा था. पुलिस ने बताया कि जब्त किए गए शराब का निर्माण हिमाचल प्रदेश में किया गया है.
ट्रक के बाद अब निजी वाहनों से की जा रही शराब की तस्करी
यह कोई पहला मौका नहीं जब हिमाचल प्रदेश में निर्मित शराब की खेप दुमका में पकड़ी गई हो. इससे पूर्व भी जामा और मसालिया थाना क्षेत्र में कई ट्रक शराब को पुलिस ने जब्त किया था. उस समय यह खुलासा हुआ था कि दुमका के रास्ते यह शराब बिहार भेजी जा रही था. आशंका यह भी जताई जा रही है कि जिस शराब को जब्त किया गया है, उसे भी बिहार भेजने की तैयारी थी. शराब माफिया अब अपना तरीका बदल रहे हैं. पुलिस ने बताया कि इसके पूर्व शराब की पेटियों से लदी ट्रक को जब्त किया गया था. इसलिए अब प्राइवेट वाहन में शराब भरकर बिहार पहुंचाने का सिलसिला शुरू हुआ है. एसडीपीओ ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है. दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
रिपोर्ट: पंचम झा, दुमका