धनबाद (DHANBAD) : बिहार में जहरीली शराब की घटना ने अब तक कई लोगों की जान ले ली है बावजूद वहां अवैध तरीके से शराब भेजने और पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी है. ताजा घटनाक्रम में गोविन्दपुर थाने की पुलिस ने एक जाइलो वाहन का पीछा कर अवैध शराब की बड़ी खेप जब्त करने में सफलता प्राप्त की है. साथ ही पुलिस ने दो धंधेबाज को गिरफ्तार भी किया है. पकड़े गए दोनों ही शख़्स बिहार के लखीसराय के रहने वाले हैं और उन्होंने झरिया से शराब की 12 पेटी लक्ज़री वाहन में लोड की थी. वाहन लेकर जैसे ही बिहार के लिए रवाना हुए थे, वैसे ही गुप्त सूचना के आधार पर डीएसपी अमर कुमार पांडेय के नेतृत्व में गोविंदपुर थाने की पुलिस ने साहेबगंज रोड में उक्त वाहन को जब्त कर लिया गया. साथ ही वाहन में मौजूद शराब को जब्त करते हुए दो धंधेबाज को गिरफ्तार कर लिया.
शराब तस्करों को पकड़ने वाली टीम में इंस्पेक्टर उमेश प्रसाद सिंह, जमादार प्रदीप कुमार, सुधांशू समेत कई पदाधिकारी और जवान शामिल थे. वहीं डीएसपी सह पुलिस प्रवक्ता अमर कुमार पांडेय ने बताया कि वाहन समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है. साथ ही इस तस्करी और इसके निर्माण एवं वितरण में जो लोग शामिल हैं, उन्हें चिन्हित कर कार्रवाई करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है.
रिपोर्ट : अभिषेक कुमार सिंह, ब्यूरो हेड (धनबाद)