गिरिडीह (GIRIDIH) के धनवार पुलिस को सोमवार देर शाम एक बड़ी सफलता हाथ लगी. बता दें कि पुलिस को देख भाग रहे एक ऑटो को खदेड़ कर पकड़ा गया. जिसके बाद ऑटो को सर्च करने पर कई भारी बोरे मिले. जिसमें अवैध विस्फोटक लोड थे. बता दें कि ऑटो में 10 बोरा लोड था. वहीं हर बोरे में बड़े पैमाने पर जिलिटीन और डेटोनेटर पाया गया. पुलिस ने ऑटो तो जब्त करने में सफल रही, लेकिन ऑटो चालक पुलिस को चकमा देकर फरार होने में सफल रहा. लिहाजा, ये स्पष्ट नहीं हो पाया कि ऑटो से बरामद विस्फोटक किसका था.
पत्थर खदान संचालक से जुड़े जब्त विस्फोटक के तार
पुलिस सूत्रों की माने तो बरामद विस्फोटक का तार इलाके के किसी पत्थर खदान संचालक से जुड़ा हुआ है. क्योंकि धनवार इलाके में अनगिनत अवैध पत्थर खदान हैं. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. पुलिस की माने तो 10 बोरे में डेढ़ हजार से अधिक विस्फोटक के रूप में जिलितीन और डेटोनेटर हो सकता है.
शक पर पुलिस ने ऑटो को रोका
जानकारी के अनुसार सोमवार की शाम धनवार पुलिस ग्रामीण इलाके के छठ घाटों का निरीक्षण कर रही थी. इसी दौरान विस्फोटक लोड ऑटो पर पुलिस की नजर पड़ी, तो पुलिस ने शक के आधार पर ऑटो को रोकने का प्रयास किया. इस दौरान चालक ऑटो को लेकर भगाने लगा. जिसके बाद पुलिस के जवानों ने दौड़ते हुए ऑटो को रोका और जब्त किया. चालक तो फरार हो गया, लेकिन विस्फोटक लोड ऑटो को पुलिस जब्त करने में सफल रही.
रिपोर्ट: दिनेश कुमार, गिरिडीह
