टीएनपी डेस्क(TNP DESK):सोशल मीडिया के माध्यम से हम रोजाना कुछ ऐसे वीडियो देखते है जिन्हें देखकर हम एक बार सहम जाते है और रुक जाते है और यह सोचने पर मजबूर हो जाते है कि यह सच है या फेक. कई बार तो सोशल मीडिया पर वायरल बहुत सारे वीडियो AI-generated होते हैं या फिर वह किसी को हंसाने या डराने के लिए बनाए जाते है, लेकिन कई बार हमारे आंखों के सामने ऐसी रियल वीडियो आते है जिन्हें देखकर हमारी आंखें फटी की फटी रह जाती है और कभी-कभी हमारा कलेजा दहल जाता है.दरअसल सोशल मीडिया पर एक ऐसा ही वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें साफ तौर पर देखा जा रहा है कि ट्रेन की पटरियों के बीच एक मां अपने बच्चों को मौत से बचाती हुई दिख रही है.
माँ से बड़ी योद्धा कोई नहीं
कहा जाता है कि धरती पर सबसे बड़ी योद्धा मां होती है, जो जन्म देने से लेकर हमारे देखभाल करने, खिलाने-पिलाने, खाने-पीने सब कुछ का ख्याल रखती है. लेकिन जब बात उनके बच्चों की जान पर आती है तो वह अपनी जान की बाजी भी लगा देती है.वीडियो में एक ऐसी ही मां की दर्दनाक कहानी सामने आई है जिसने सभी को हैरान कर दिया है.वीडियो को जब आप एक बार देखेंगे तो एक मिनट के लिए सहम जाएंगे और सोचेंगे कि एक मां क्या कुछ नहीं कर सकती है. वीडियो में जो दिख रहा है वह कोई सामान्य दृश्य नहीं है बल्कि उसे देखने मात्र से लोगों की रूह कांप रही है, तो सोचिए उस मां के अंदर कितनी हिम्मत होगी जिसने उसका सामना किया.
वीडियो देख थम गई सांसे
वीडियो ने हर किसी की सांसें रोक दी. जानकारी के अनुसार, तीन महिलाएं अपने दो छोटे बच्चों के साथ रेलवे लाइन पार कर रही थी.बताया जा रहा है कि जल्दबाजी में वे सही समय पर ट्रैक पार नहीं कर पाईं और तभी अचानक तेज रफ्तार ट्रेन वहां पहुंच गई.कुछ ही पलों में हालात पूरी तरह बदल गए. ट्रेन को बेहद करीब देखकर सभी घबरा गई और समझ नहीं आया कि अब क्या किया जाए लेकिन इसी अफरातफरी के बीच एक मां ने ऐसा साहसिक कदम उठाया, जिसने सभी को हैरान कर दिया.
माँ की सूझबूझ ने बचा ली सब की जान
महिला ने तुरंत दोनों बच्चों को रेलवे ट्रैक के बीच नीचे लिटा दिया और खुद उनके ऊपर ढाल बनकर लेट गई, ताकि किसी भी तरह की चोट बच्चों तक न पहुंच सके.वहीं मौजूद दूसरी दो महिलाओं ने भी तुरंत समझदारी दिखाते हुए खुद को नीचे कर लिया. कुछ ही सेकंड बाद तेज रफ्तार ट्रेन उनके ऊपर से गुजर गई.इस दौरान वहां मौजूद लोगों की सांसें थम गई थी. किसी को यकीन नहीं था कि इतना बड़ा हादसा होने के बाद कोई बच पाएगा.
नजारा देखकर सभी हैरान
जब ट्रेन गुजर गई और लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे तो सामने का नजारा देखकर सभी हैरान रह गए. दोनों बच्चे पूरी तरह सुरक्षित थे.हालांकि, उन्हें बचाने वाली मां घायल हो गई थी, लेकिन उसने अपने बच्चों को एक खरोंच तक नहीं आने दी. बाकी दोनों महिलाएं भी सुरक्षित बच गई.यह पूरा मामला बिहार के समस्तीपुर जिले के शाहपुर पटोरी रेलवे स्टेशन का बताया जा रहा है.