TNP DESK- बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के नेताओं की परेशानी बढ़ती दिख रही है. लगातार उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जा रही है. अभिषेक बनर्जी के बाद महुआ मोइत्रा पर भी एफआईआर कराए जाने की सूचना मिली है. बंगाल की सियासत अब पूरी तरह से बदल गई है. मिली जानकारी के अनुसार तृणमूल कांग्रेस की फायर ब्रांड सांसद महुआ मोइत्रा पर करीमपुर पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज कराई गई है.
पश्चिम बंगाल पशु वध नियंत्रण अधिनियम के खिलाफ टिप्पणी का आरोप
उन पर पश्चिम बंगाल पशु वध नियंत्रण अधिनियम के खिलाफ टिप्पणी करने का आरोप है. सूत्रों के अनुसार अभी हाल ही में जारी सरकारी दिशा निर्देशों के संबंध में महुआ मोइत्रा ने फेसबुक पर एक पोस्ट किया था. इसको लेकर विवाद खड़ा हो गया है. भाजपा नेता गोलक विश्वास ने सांसद के खिलाफ करीमपुर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है.
सांसद अभिषेक बनर्जी के खिलाफ भी हुआ है केस
शिकायत में महुआ मोइत्रा पर भड़काऊ टिप्पणी करने का आरोप लगाया गया है. उल्लेखनीय है कि पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे और सांसद अभिषेक बनर्जी के खिलाफ भी भड़काऊ भाषण के मामले में अभी हाल ही में बिधाननगर साइबर क्राइम थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई थी. बताया गया था कि इस एफआईआर में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ की गई कथित टिप्पणियों का उल्लेख किया गया है. अभिषेक बनर्जी के खिलाफ बी एन एस की धारा 196 भी लगाई गई है. इसके अलावे भी धाराएं लगाई गई है.