TNP DESK- बंगाल में भाजपा के बड़े नेता शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की हत्या के बाद उत्तर 24 परगना जिले में सन्नाटा पसरा है. जानकारी के अनुसार गुरुवार को कड़ी सुरक्षा और केंद्रीय बलों की तैनाती के बीच मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उनके पार्थिव शरीर का पोस्टमार्टम किया गया. इसके बाद शव को उनके पैतृक गांव भेज दिया गया. पोस्टमार्टम के दौरान अस्पताल के बाहर भाजपा कार्यकर्ताओं का भारी जुटान रहा. भाजपा कार्यकर्ता हत्यारो की गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग कर रहे थे.
हिंसा को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड में
चंद्रनाथ रथ की हत्या के बाद किसी भी तरह की हिंसा को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन अलर्ट है. भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने चंद्रनाथ रथ के घर जाकर परिजनों से मुलाकात की. उनके आवास के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है. लोग काफी गुस्से में हैं. पुलिस कई संदिग्धों से पूछताछ कर रही है और सीसीटीवी फुटेज के जरिए हत्यारो के भागने के रास्ते का पता लगा रही है. जानकारी के अनुसार 8 साल पहले चंद्रनाथ रथ अपनी सेना की नौकरी छोड़कर सुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक बने थे. वह सुभेंदु अधिकारी की परछाई भी कहे जाते थे.
हमलावर बिना नंबर की बाइक से पहुंचे थे
बंगाल में नई सरकार के शपथ ग्रहण के पहले ही इतनी बड़ी घटना कर दी गई. जिस तरह से बुधवार की रात को उनकी हत्या हुई, उससे ऐसा लगता है कि लंबे समय से हत्यारे रैकी कर रहे थे. शुभेंदु अधिकारी के तृणमूल कांग्रेस में रहने के समय से ही दोनों के बीच मधुर संबंध थे. चंद्रनाथ रथ उस समय से सुभेंदु अधिकारी के विश्वासपात्र थे. उनका मुख्य काम राजनीतिक गतिविधियों की निगरानी करना था. सूत्र बता रहे हैं कि हमलावरों ने घटना के दौरान करीब 6 से 10 राउंड फायरिंग की होगी। हमलावरों ने पहचान छुपाने के लिए हेलमेट पहन रखी थी और वह बिना नंबर प्लेट वाली बाइक पर सवार थे.