टीएनपी डेस्क(TNP DESK): मनोरंजन जगत के लोकप्रिय चेहरों में शामिल कपिल शर्मा एक बार फिर चर्चा में हैं, लेकिन इस बार वजह उनका कॉमेडी शो नहीं, बल्कि कनाडा में उनके रेस्टोरेंट ‘कैप्स कैफे’ के पास हुई फायरिंग की घटना है. इस खबर ने न सिर्फ फैंस बल्कि इंडस्ट्री से जुड़े लोगों को भी चिंता में डाल दिया है.
हाल ही में ‘कैप्स कैफे’ के पड़ोस में स्थित एक रेस्टोरेंट के बाहर अज्ञात लोगों द्वारा गोलीबारी की गई. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. हालांकि, इस फायरिंग में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं.
फायरिंग के तुरंत बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट तेजी से वायरल होने लगी, जिसने मामले को और गंभीर बना दिया. यह पोस्ट ‘टायसन बिश्नोई जोरा सिद्धू’ नाम के अकाउंट से साझा की गई, जिसे कथित तौर पर बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताया जा रहा है. पोस्ट में इस घटना को कपिल शर्मा और उनके कैफे के लिए संदेश बताया गया है. इतना ही नहीं, इसमें आगे चेतावनी भी दी गई कि अगला निशाना ‘कैप्स कैफे’ और मुंबई में स्थित कपिल शर्मा का घर हो सकता है.
यह कोई पहली घटना नहीं है. इससे पहले भी कपिल शर्मा के कैफे के बाहर तीन बार फायरिंग की घटनाएं सामने आ चुकी हैं पहली जुलाई में, दूसरी अगस्त में और तीसरी दिवाली से पहले. इन सभी घटनाओं की जिम्मेदारी भी कथित तौर पर इसी गैंग ने ली थी, जो बीते कुछ समय से बॉलीवुड हस्तियों को धमकाने के मामलों को लेकर चर्चा में रहा है.
वर्कफ्रंट की बात करें तो कपिल शर्मा इन दिनों अपने कॉमेडी शो के चौथे सीजन के जरिए Netflix पर दर्शकों का मनोरंजन कर रहे हैं. उनके शो को अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है. वहीं, उनकी हालिया फिल्म ‘किस किसको प्यार करूं 2’ बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सकी. इस पूरी घटना ने एक बार फिर सेलिब्रिटीज की सुरक्षा और सोशल मीडिया पर फैल रही धमकियों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.