टीएनपी डेस्क(TNP DESK): सिर्फ एक लाल रंग की रेखा नहीं, बल्कि सदियों पुरानी परंपरा, आस्था और विज्ञान का अनोखा संगम है सिंदूर. भारतीय संस्कृति में विवाहित महिलाओं की मांग में सजा सिंदूर हमेशा से सुहाग, प्रेम और सम्मान का प्रतीक माना जाता रहा है, लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि इसके पीछे कई वैज्ञानिक कारण भी जुड़े हुए हैं. यही वजह है कि हमारी परंपराओं में सिंदूर को केवल श्रृंगार का हिस्सा नहीं, बल्कि मानसिक शांति, सकारात्मक ऊर्जा और शरीर के संतुलन से जोड़कर देखा जाता है.
मान्यता है कि मांग का स्थान शरीर का बेहद संवेदनशील हिस्सा होता है, जिसका सीधा संबंध दिमाग और तंत्रिकाओं से माना जाता है. ऐसे में सिंदूर लगाने से मानसिक तनाव कम करने, मन को शांत रखने और एकाग्रता बढ़ाने में मदद मिल सकती है. पुराने समय में सिंदूर प्राकृतिक तत्वों से तैयार किया जाता था, जिसमें हल्दी और पारे जैसे तत्व शामिल होते थे. इन्हें शरीर के लिए लाभकारी माना जाता था. हालांकि आज बाजार में मिलने वाले कई रासायनिक सिंदूर नुकसानदायक भी हो सकते हैं. यही कारण है कि हमेशा प्राकृतिक और हर्बल सिंदूर के इस्तेमाल करना चाहिए.
प्राचीन समय में सिंदूर को प्राकृतिक तत्वों से तैयार किया जाता था. पारंपरिक रूप से इसमें हल्दी, चूना और शुद्ध पारे का इस्तेमाल किया जाता था. आयुर्वेद और पारंपरिक मान्यताओं के अनुसार, इन तत्वों में कई औषधीय गुण मौजूद होते हैं, जो महिलाओं के स्वास्थ्य पर सकारात्मक प्रभाव डालते हैं.
पुराने समय में बनाए जाने वाले सिंदूर में मौजूद पारा शरीर के तापमान को संतुलित रखने में मदद करता था. विवाह के बाद महिलाओं के जीवन में भावनात्मक और सामाजिक स्तर पर कई बदलाव आते हैं. ऐसे में सिंदूर को मानसिक शांति और तनाव कम करने वाला माना गया. कहा जाता है कि यह दिमाग को शांत रखता है और अनिद्रा जैसी समस्याओं को कम करने में भी सहायक हो सकता है.
मांग का स्थान शरीर का बेहद संवेदनशील हिस्सा माना जाता है. आयुर्वेद में इसे ‘ब्रह्मरंध्र’ और ‘आज्ञा चक्र’ के आसपास का क्षेत्र बताया गया है. यह स्थान शरीर की ऊर्जा और मानसिक संतुलन से जुड़ा माना जाता है. ऐसा माना जाता है कि जब महिलाएं मांग में सिंदूर लगाती हैं तो इस क्षेत्र की ऊर्जा सक्रिय होती है, जिससे एकाग्रता बढ़ती है और मन सकारात्मक बना रहता है.
वैज्ञानिक दृष्टिकोण से देखा जाए तो सिंदूर माथे के उस हिस्से पर लगाया जाता है जहां पिट्यूटरी ग्रंथि का प्रभाव माना जाता है. यह ग्रंथि शरीर के कई हार्मोन को नियंत्रित करती है. सिंदूर लगाते समय उस स्थान पर हल्का दबाव पड़ता है, जिससे रक्त संचार बेहतर होता है. इससे ब्लड प्रेशर नियंत्रित रखने और मानसिक तनाव कम करने में मदद मिल सकती है.
इसके अलावा पारंपरिक सिंदूर में मौजूद हल्दी और अन्य प्राकृतिक तत्वों को संक्रमण से बचाने वाला भी माना गया है. मान्यता यह भी है कि माथे का यह हिस्सा ढका रहने से नकारात्मक ऊर्जा दूर रहती है और सकारात्मक सोच बनी रहती है. हालांकि इन सभी फायदों का संबंध केवल प्राकृतिक और शुद्ध सिंदूर से ही माना जाता है.
आजकल बाजार में मिलने वाले कई सिंदूर रासायनिक पदार्थों और सिंथेटिक रंगों से तैयार किए जाते हैं. इनमें लेड ऑक्साइड जैसे हानिकारक तत्व भी पाए जाते हैं, जो त्वचा और स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकते हैं. लगातार ऐसे सिंदूर का इस्तेमाल एलर्जी, त्वचा संबंधी समस्याएं और अन्य स्वास्थ्य परेशानियां पैदा कर सकता है. इसलिए विशेषज्ञ हमेशा हर्बल और प्राकृतिक सिंदूर का इस्तेमाल करने की सलाह देते हैं.
देखा जाए तो सिंदूर केवल परंपरा या वैवाहिक पहचान का प्रतीक नहीं है. भारतीय संस्कृति में इसके पीछे स्वास्थ्य, ऊर्जा और मानसिक संतुलन से जुड़ी गहरी मान्यताएं भी छिपी हुई हैं. यही कारण है कि सदियों पुरानी यह परंपरा आज भी महिलाओं के जीवन का अहम हिस्सा बनी हुई है.