टीएनपी डेस्क (TNP DESK): पहली बार इंटरव्यू देने जा रहे हैं, तो सिर्फ सवालों के जवाब तैयार करना ही काफी नहीं है, असल खेल आपकी बॉडी लैंग्वेज का होता है, जो बिना कुछ कहे ही इंटरव्यूअर पर गहरा असर डालती है. कई बार ऐसा होता है कि आपकी एंट्री, बैठने का तरीका, नजरें मिलाने का अंदाज़ और चेहरे के एक्सप्रेशन ही आपके आत्मविश्वास और पर्सनालिटी की कहानी बयां कर देते हैं. इंटरव्यू रूम में कदम रखते ही आपका हर मूवमेंट नोटिस किया जाता है आप कैसे बैठते हैं, कैसे बोलते हैं, कैसे रिएक्ट करते हैं. सही बॉडी लैंग्वेज आपको एक प्रोफेशनल, उम्मीदवार के रूप में पेश करती है, जबकि छोटी-छोटी गलतियां जैसे नजरें चुराना, झुककर बैठना या घबराहट दिखाना आपके इम्प्रेशन को कमजोर कर सकती हैं. इसलिए अगर आप चाहते हैं कि इंटरव्यू में आपका प्रभाव दमदार बने, तो अपने शब्दों के साथ-साथ अपने हाव-भाव पर भी उतना ही ध्यान देना जरूरी है.
इंटरव्यू के दौरान सामने बैठे व्यक्ति से नजर मिलाकर बात करना आपके आत्मविश्वास और ईमानदारी को दर्शाता है. जब आप बात करते समय बार-बार नजरें झुकाते हैं या इधर-उधर देखते हैं, तो यह आपकी घबराहट या अस्थिरता को दिखाता है. वहीं, मोबाइल या आसपास की चीजों पर ध्यान देना भी गलत संदेश देता है. हालांकि, लगातार घूरना भी असहज कर सकता है, इसलिए संतुलित और नेचुरल आई कॉन्टैक्ट बनाए रखना सबसे बेहतर तरीका है. इससे आपकी कम्युनिकेशन स्किल भी मजबूत नजर आती है.
आप इंटरव्यू में कैसे बैठते हैं, यह आपके व्यक्तित्व का बड़ा संकेत देता है. हमेशा कुर्सी पर सीधे बैठें और कंधों को झुकने न दें. बहुत ज्यादा रिलैक्स होकर बैठना या आगे झुक जाना आपकी गंभीरता को कम कर सकता है. वहीं, सीधा और संतुलित पोस्टर आपको आत्मविश्वासी, प्रोफेशनल दिखाता है. अपने पैरों को स्थिर रखें और बैठने का तरीका सलीके से रखें, ताकि आप सहज नजर आएं.
इंटरव्यू के दौरान एक हल्की मुस्कान आपके व्यक्तित्व को सकारात्मक बनाती है, इससे आप फ्रेंडली, विनम्र और सहज दिखाई देते हैं, बहुत ज्यादा गंभीर चेहरा आपको तनावग्रस्त दिखा सकता है, जबकि हर बात पर हंसना भी सही नहीं होता. इसलिए बातचीत के दौरान संतुलित एक्सप्रेशन और हल्की मुस्कान बनाए रखना जरूरी है, ताकि आप आत्मविश्वासी और सहज नजर आएं.
बात करते समय हाथों का सही इस्तेमाल आपकी बातों को प्रभावी बना सकता है, लेकिन जरूरत से ज्यादा मूवमेंट आपकी घबराहट को उजागर कर सकती है. उंगलियां चटकाना, टेबल पर हाथ मारना या बार-बार चेहरे को छूना नकारात्मक प्रभाव डालता है. कोशिश करें कि अपने हाथों को आराम से गोद या टेबल पर रखें और केवल जरूरी होने पर ही उनका इस्तेमाल करें. इससे आप शांत, संतुलित और आत्मविश्वासी दिखेंगे.
अगर इंटरव्यू की शुरुआत या अंत में हाथ मिलाने का मौका मिले, तो इसे नजरअंदाज न करें. आपका हैंडशेक न तो बहुत ढीला होना चाहिए और न ही बहुत ज्यादा सख्त. एक संतुलित, छोटा और आत्मविश्वास भरा हैंडशेक आपकी प्रोफेशनल अप्रोच को दर्शाता है. साथ ही, इस दौरान हल्की मुस्कान और सही आई कॉन्टैक्ट आपके इम्प्रेशन को और मजबूत बनाते हैं.
यह याद रखना जरूरी है कि इंटरव्यू में आपकी बॉडी लैंग्वेज जितनी ही जरुरी होती है. सही हाव-भाव, संतुलित एक्सप्रेशन और आत्मविश्वास भरा व्यवहार आपको बाकी उम्मीदवारों से अलग पहचान दिला सकता है. इसलिए अगली बार इंटरव्यू में जाएं, तो सिर्फ जवाब ही नहीं, अपनी बॉडी लैंग्वेज पर भी पूरा ध्यान दें क्योंकि यही आपकी सफलता की चाबी बन सकती है.