खूंटी (KHUNTI): जिले के अड़की थाना क्षेत्र में रविवार सुबह बीरबांकी-घाघरा रोड के किनारे एक युवक का शव बरामद किया गया. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोग तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं. मृतक की पहचान कोटोबेड़ा गांव निवासी 35 वर्षीय चमरा मुंडा के रूप में हुई है, जिसकी पुष्टि उसके भाई हेसल मुंडा ने की.
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक के सिर के पीछे गहरे चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि उसकी हत्या किसी भारी पत्थर से वार कर की गई है. वारदात की क्रूरता को देखते हुए पुलिस इसे हत्या का मामला मानकर जांच आगे बढ़ा रही है.
स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह टहलने निकले ग्रामीणों ने सड़क किनारे शव देखा और तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही अड़की थाना प्रभारी प्रवीण कुमार तिवारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए खूंटी सदर अस्पताल भेज दिया.
पुलिस की शुरुआती पड़ताल में यह भी जानकारी मिली है कि मृतक शनिवार को बीरबांकी के साप्ताहिक हाट में गया था, जहां उसे नशे की हालत में देखा गया था. आशंका जताई जा रही है कि उसी दौरान या उसके बाद किसी विवाद के चलते अज्ञात लोगों ने इस वारदात को अंजाम दिया.
इधर, बीरबांकी ग्राम सभा के सदस्यों ने घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि इस तरह की घटनाएं गांव की शांति और छवि को नुकसान पहुंचा रही हैं. उन्होंने प्रशासन से दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है और जांच में हर संभव सहयोग का भरोसा दिया है. फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और मामले के हर पहलू को खंगालने में जुटी है. जल्द ही घटना का खुलासा होने की उम्मीद जताई जा रही है.