धनबाद(DHANBAD): जिले के गोविंदपुर थाना क्षेत्र में एक बड़ी चोरी की घटना सामने आई है, जिसने इलाके में दहशत फैला दी है. रतनपुर निवासी सुद्धिव्य चंद्र कुमार के बंद घर को चोरों ने निशाना बनाते हुए करीब 10 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया. घटना उस समय हुई जब पूरा परिवार धार्मिक यात्रा के लिए तारापीठ गया हुआ था.
चोरों ने पहले घर की बाउंड्री वॉल पर लगे कांटेदार तार को काटा और फिर मेन गेट का ताला तोड़कर अंदर घुस गए. घर के अंदर घुसते ही चोरों ने हर कमरे को बुरी तरह खंगाल डाला. अलमारियों, दीवान और बक्सों के ताले तोड़ दिए गए और सामान को इधर-उधर फेंक दिया गया.
हैरान करने वाली बात यह है कि चोरों ने बच्चों के खिलौनों तक को नहीं छोड़ा. गुड़ियों के कपड़े तक फाड़कर यह जांचा गया कि कहीं उनमें पैसे या गहने छिपे तो नहीं हैं. बाथरूम में रखे सामान को भी तहस-नहस कर दिया गया, जिससे साफ है कि चोरों ने पूरे घर की बारीकी से तलाशी ली. पीड़ित परिवार के अनुसार, घर से 5 से 6 लाख रुपये नकद और लाखों के सोने-चांदी के जेवर गायब हैं और नुकसान 10 लाख रुपये से अधिक बताया जा रहा है.
घटना की सूचना मिलते ही गोविंदपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है. इस वारदात ने एक बार फिर इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
रिपोर्ट- नीरज कुमार