रांची(RANCHI): होली को लेकर उत्पाद विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है. त्योहार के दौरान अवैध शराब की बिक्री और तस्करी पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है. सहायक उत्पाद आयुक्त उमा शंकर सिंह ने जानकारी दी कि विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है और अवैध कारोबारियों पर सख्ती से शिकंजा कसा जा रहा है.
उन्होंने बताया कि पिछले एक महीने के दौरान शहर और आसपास के इलाकों में बड़े पैमाने पर छापेमारी की गई है. ढाबों, लाइन होटलों और संदिग्ध स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है. इस दौरान अवैध शराब के कई ठिकानों का भंडाफोड़ किया गया. विभाग की सक्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बीते एक महीने में लगभग 72 लोगों को गिरफ्तार किया गया है और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई है.
उत्पाद विभाग की टीम ने अभियान के दौरान करीब 2538 लीटर अवैध शराब जब्त की है. इसके अलावा 6000 लीटर से अधिक अवैध स्प्रिट भी बरामद किया गया है, जिसका इस्तेमाल मिलावटी शराब बनाने में किया जाता है. इतना ही नहीं, लगभग 100 लीटर बीयर भी जब्त की गई है. विभाग का कहना है कि त्योहार के समय अवैध शराब की मांग बढ़ जाती है, जिसका फायदा उठाकर कुछ लोग गैरकानूनी धंधा करने की कोशिश करते हैं. ऐसे तत्वों के खिलाफ लगातार छापेमारी जारी है.
सहायक उत्पाद आयुक्त उमा शंकर सिंह ने आम लोगों से अपील की है कि वे केवल लाइसेंसी दुकानों से ही शराब खरीदें. अवैध या संदिग्ध स्रोत से खरीदी गई शराब स्वास्थ्य के लिए खतरनाक साबित हो सकती है. मिलावटी शराब के सेवन से जानमाल का नुकसान भी हो सकता है. इसलिए सतर्क रहना बेहद जरूरी है.
उन्होंने यह भी कहा कि अगर किसी को अवैध शराब के निर्माण, बिक्री या भंडारण की जानकारी मिलती है, तो तुरंत उत्पाद विभाग को सूचित करें. विभाग द्वारा सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और त्वरित कार्रवाई की जाएगी. उत्पाद विभाग ने स्पष्ट किया है कि होली के दौरान अवैध शराब के खिलाफ अभियान और तेज किया जाएगा, ताकि त्योहार सुरक्षित और शांतिपूर्ण तरीके से मनाया जा सके.
