गढ़वा(GARHWA): झारखंड में बड़े ट्रेजरी घोटाले का मामला सामने आया है. जिसे लेकर सूबे के वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि वर्ष 2000 से लेकर 2026 तक सभी ट्रेजरी मामलों की विस्तृत जांच की जाएगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा.
मंत्री ने बताया कि अब तक सामने आए मामलों में लगभग 30 से 40 करोड़ रुपये के ट्रेजरी घोटाले की जानकारी मिली है, जिसमें बोकारो और हजारीबाग जैसे जिलों के मामले प्रमुख हैं. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री से इस विषय पर चर्चा हो चुकी है और सरकार इस पूरे मामले को गंभीरता से ले रही है.
वित्त मंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्य के सभी 24 जिलों में संचालित 33 ट्रेजरी कार्यालयों की जांच कराई जाएगी. जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि सरकारी धन की एक-एक पाई की वसूली की जाएगी, चाहे इसके लिए चल-अचल संपत्ति ही क्यों न जब्त करनी पड़े. सरकार की प्राथमिकता जनता के पैसे की रिकवरी सुनिश्चित करना है. बता दें कि ट्रेजरी घोटाले की जांच अब CID करेंगी
वहीं, जेएसएससी उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा पेपर लीक मामले पर पूछे गए सवाल के जवाब में मंत्री ने कहा कि इस विषय की जानकारी उन्हें मीडिया के माध्यम से मिली है. उन्होंने स्पष्ट किया कि यह मामला उनके विभाग से संबंधित नहीं है, फिर भी वे चाहते हैं कि सरकार इस पर सख्त और निष्पक्ष कार्रवाई करे. साथ ही कहा की कि किसी भी प्रकार की अनियमितता पर सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति लागू है और दोषियों पर जल्द ही कठोर कदम उठाए जाएंगे.
रिपोर्ट: धर्मेन्द्र कुमार