रांची (RANCHI): राजधानी में बढ़ते ट्रैफिक दबाव और लगातार लगने वाले जाम से राहत दिलाने के लिए प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है. शहर के एयरपोर्ट जाने वाले प्रमुख मार्ग पर अब सख्ती लागू कर दी गई है. नगर निगम ने साफ निर्देश जारी करते हुए इस पूरे रास्ते को नो-पार्किंग ज़ोन घोषित कर दिया है, जिससे अव्यवस्थित पार्किंग पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके.
यह फैसला एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया और बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से मिले सुझावों के आधार पर लिया गया. इसके लिए एक समिति का गठन किया गया था, जिसने मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लिया. निरीक्षण में पाया गया कि सड़क किनारे बेतरतीब खड़ी गाड़ियों की वजह से अक्सर लंबा जाम लग जाता है, जिससे यात्रियों और स्थानीय लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ती है.
नए नियम के तहत हिनू चौक से हेथू चौक तक पूरे मार्ग पर वाहन खड़ा करना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा. इसमें संतोषी माता मंदिर, हीनू से लेकर भारत मौसम विज्ञान विभाग के मौसम केंद्र और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल कैंप तक सड़क के दोनों ओर पार्किंग नहीं की जा सकेगी.
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी. साथ ही लोगों से अपील की गई है कि वे एयरपोर्ट परिसर में उपलब्ध अधिकृत पार्किंग का ही इस्तेमाल करें. इस पहल का मुख्य उद्देश्य शहर में ट्रैफिक को सुचारू बनाना और यात्रियों को समय पर एयरपोर्ट पहुंचने में मदद करना है. इस फैसले के लागू होने से उम्मीद की जा रही है कि रांची के इस व्यस्त मार्ग पर जाम की समस्या काफी हद तक कम होगी और यातायात व्यवस्था बेहतर बनेगी.