रांची (RANCHI): रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र स्थित जगन्नाथपुर इलाके में एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां मैदान में सो रहे एक व्यक्ति पर कथित तौर पर दबंगों ने चार पहिया वाहन चढ़ा दिया. इस हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है. वहीं आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए.
मिली जानकारी के अनुसार भीषण गर्मी के कारण पीड़ित अपने घर के पास स्थित खुले मैदान में रात के समय सो रहा था. इसी दौरान कुछ लोग एक चार पहिया वाहन लेकर वहां पहुंचे. आरोप है कि उन्होंने जानबूझकर मैदान में सो रहे युवक को निशाना बनाया और उसके ऊपर गाड़ी चढ़ा दी. अचानक हुई इस घटना से मौके पर चीख-पुकार मच गई. स्थानीय लोगों ने बताया कि युवक की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़ते हुए घटनास्थल पर पहुंचे. लोगों को आता देख आरोपी घबरा गए और वाहन वहीं छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए. घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए.
घटना की सूचना मिलते ही धुर्वा थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची. पुलिस ने गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है. डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है. पुलिस ने घटनास्थल से हमले में इस्तेमाल किए गए वाहन को जब्त कर लिया है. वाहन को थाना ले जाकर जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में कुछ असामाजिक तत्वों का दबदबा बढ़ता जा रहा है, जिससे लोगों में डर का माहौल बना हुआ है. लोगों ने पुलिस प्रशासन से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान होते ही उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. घटना के बाद इलाके में पुलिस की गश्ती भी बढ़ा दी गई है, ताकि किसी तरह की अप्रिय स्थिति पैदा न हो.