रामगढ़ (RAMGARH): जिले के गोला प्रखंड स्थित नेमरा गांव में बाहा पूजा में शामिल होने पहुंचे झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गुरुवार को अपने पैतृक गांव में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने अधिकारियों के साथ गांव के तालाब का दौरा कर वहां हो रहे कार्यों की स्थिति की जानकारी ली और संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए. निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने तालाब की सफाई, जल संरक्षण और सौंदर्यीकरण से जुड़े कार्यों की प्रगति पर भी चर्चा की.
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में तालाबों का संरक्षण बेहद जरूरी है, क्योंकि ये जल संरक्षण के साथ-साथ पर्यावरण संतुलन के लिए भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. उन्होंने जल संसाधन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि तालाबों के संरक्षण और विकास से जुड़े कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता का विशेष ध्यान रखा जाए. निरीक्षण के दौरान उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक, अंचल अधिकारी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे और मुख्यमंत्री को चल रही योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी.
तालाब का निरीक्षण करने के बाद मुख्यमंत्री सामुदायिक भवन पहुंचे, जहां उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की. बैठक में बाहा पूजा के आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई. इसमें सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और कार्यक्रम में आने वाले अतिथियों के ठहरने की तैयारियों की समीक्षा की गई. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पूजा के दौरान आम लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो और सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित हों. इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याओं के बारे में भी जानकारी ली.
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बाहा पूजा में भाग लेने के लिए बुधवार शाम को ही नेमरा पहुंच गए थे. उनके आगमन के बाद से उनके आवास पर अतिथियों का आना-जाना लगातार जारी है. वहीं, पूर्व विधायक सीता सोरेन भी नेमरा पहुंचीं और कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया.
मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं. गांव और आसपास के इलाकों में जगह-जगह पुलिस बल तैनात किया गया है. सामुदायिक भवन में अतिथियों के बैठने की विशेष व्यवस्था की गई है. साथ ही, ट्रैफिक व्यवस्था को पहले की तरह बीएसएनएल टावर के पास से नियंत्रित किया जा रहा है ताकि आवागमन सुचारू बना रहे.
बाहा पूजा को लेकर नेमरा गांव में खासा उत्साह देखा जा रहा है. प्रशासनिक तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्थाओं के बीच पारंपरिक पर्व को शांतिपूर्ण और भव्य तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं.
