रांची (RANCHI): रांची में अवैध हथियारों के कारोबार पर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. मांडर थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने हथियार तस्करी से जुड़े एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है और तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान विशाल सिंह, अभिषेक शर्मा और करण गोप के रूप में हुई है.
पुलिस जांच में सामने आया है कि इस नेटवर्क का मुख्य सरगना अभिषेक शर्मा है, जो बिहार से अवैध पिस्टल लाकर रांची के अपराधियों तक पहुंचाता था. पूछताछ के दौरान यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी एक पिस्टल की कीमत लगभग 35 हजार रुपये में बेचते थे. पुलिस ने इनके कब्जे से तीन पिस्टल, 10 जिंदा कारतूस, चार मैगजीन और कुछ मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं, जिनकी जांच जारी है.
जानकारी के मुताबिक, इससे पहले सोनू अंसारी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को इस गिरोह के बारे में अहम सुराग मिले थे. उन्हीं सूचनाओं के आधार पर यह कार्रवाई की गई और पूरे नेटवर्क का खुलासा हुआ. फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह के तार किन-किन इलाकों से जुड़े हुए हैं. साथ ही, इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.