रांची (RANCHI): रांची के मांडर स्थित टोल प्लाजा पर देर रात 50 से 60 लोगों की भीड़ ने अचानक हमला कर दिया. इस घटना में टोल मैनेजर सहित कई कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए. पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है.
बताया जा रहा है कि शादी समारोह में जा रही बारात के कुछ लोग नियमों को नजरअंदाज करते हुए गलत रास्ते से टोल पार करना चाहते थे. वे उस लेन से निकलने की कोशिश कर रहे थे, जो आमतौर पर बाइक और ऑटो के लिए निर्धारित होती है. ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड ने जब उन्हें रोका, तो मामला तेजी से बिगड़ गया.
देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. बारात में शामिल लोगों ने टोल प्लाजा पर धावा बोल दिया और कर्मचारियों के साथ मारपीट शुरू कर दी. आरोप है कि उपद्रवियों ने टोल मैनेजर को निशाना बनाते हुए उन्हें दौड़ा-दौड़ा कर पीटा. इस दौरान आधा दर्जन से अधिक कर्मचारी घायल हो गए.
हंगामे के दौरान महिला कर्मियों के साथ भी बदसलूकी और मारपीट की गई. इतना ही नहीं, कुछ लोगों ने टोल प्लाजा पर पत्थरबाजी भी की, जिससे वहां अफरातफरी मच गई. हमले के बाद सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया. घटना के बाद टोल प्रबंधन की ओर से मांडर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है. इस मामले पर रांची ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर ने बताया कि टोल प्लाजा पर हमला हुआ है और इसमें शामिल लोगों की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है. पुलिस जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है.