टीएनपी डेस्क (TNP DESK): झारखंड में आयोजित JET 2026 परीक्षा के दौरान भारी अव्यवस्था सामने आई, जिसके बाद झारखंड लोक सेवा आयोग ने बड़ा फैसला लेते हुए शिक्षा और उड़िया विषय की परीक्षा रद्द कर दी. परीक्षा के दौरान प्रश्नपत्रों की कमी और उनकी गुणवत्ता को लेकर अभ्यर्थियों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया.
जानकारी के अनुसार, रांची के जिला स्कूल और बोकारो के सेक्टर-9 स्थित सरदार पटेल पब्लिक स्कूल परीक्षा केंद्र पर कुछ प्रश्नपत्र उपलब्ध ही नहीं थे. खासकर बोकारो केंद्र पर एक सेट के 32 प्रश्नपत्र नहीं पहुंचने से अभ्यर्थियों में आक्रोश फैल गया. बाद में यह जानकारी दी गई कि संबंधित प्रश्नपत्र गलती से धनबाद भेज दिए गए थे, जिससे स्थिति और बिगड़ गई.
करीब दोपहर 12:30 बजे जैसे ही अभ्यर्थियों को इस चूक की जानकारी मिली, उन्होंने केंद्र पर विरोध शुरू कर दिया. सैकड़ों छात्रों ने परीक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की. हालात को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात करना पड़ा. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए उपायुक्त (DC) और पुलिस अधीक्षक (SP) समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे.
मामले की गंभीरता को देखते हुए आयोग ने तुरंत हस्तक्षेप करते हुए बोकारो केंद्र पर शिक्षा विषय (कोड 009) और रांची केंद्र पर उड़िया विषय (कोड 023) की परीक्षा रद्द करने का निर्णय लिया. आयोग ने स्पष्ट किया है कि इन विषयों की परीक्षा दोबारा आयोजित की जाएगी और इसकी नई तिथि, समय व परीक्षा केंद्र की जानकारी जल्द ही आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएगी.
इस अव्यवस्था से सबसे ज्यादा परेशानी उन अभ्यर्थियों को हुई, जो दूसरे राज्यों से परीक्षा देने पहुंचे थे. कई छात्रों ने बताया कि लंबे इंतजार के बाद आयोजित इस परीक्षा के लिए उन्होंने विशेष तैयारी के साथ यात्रा की थी, लेकिन अंतिम समय में परीक्षा रद्द होने से उन्हें आर्थिक और मानसिक नुकसान उठाना पड़ा. आयोग ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों से दूर रहें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें. हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम ने परीक्षा व्यवस्था की पारदर्शिता और तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.