चाईबासा(CHAIBASA):पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा कोषागार में पुलिस विभाग के खाते से लगभग 45 लाख रुपये की अवैध निकासी का बड़ा मामला सामने आया है. इस खुलासे के बाद जिला प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है. इस मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सिपाही देव नारायण मुर्मू को गिरफ्तार कर लिया है.इसके अलावा कोषागार में तैनात दो अन्य कर्मचारियों की भूमिका भी संदिग्ध पाई गई है. उनके खिलाफ भी मामला दर्ज कर लिया गया है और उनसे पूछताछ जारी है.प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह पूरी गड़बड़ी फर्जी बिल, जाली दस्तावेज और नकली हस्ताक्षरों के आधार पर की गई.
अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच
आरोप है कि उसने निकाली गई रकम को अपने परिजनों के बैंक खातों में भी ट्रांसफर किया.पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि कहीं यह एक संगठित गिरोह तो नहीं है. पुलिस अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है.यह पूरा मामला तब सामने आया जब नियमित ऑडिट के दौरान खातों का मिलान किया जा रहा था.
तीन दिनों की गहन जांच के बाद इस घोटाले का खुलासा
ऑडिट रिपोर्ट में गड़बड़ी मिलने के बाद इसकी सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई. इसके बाद उपायुक्त मनीष कुमार और पुलिस अधीक्षक अमित रेनू के निर्देश पर विशेष जांच टीम गठित की गई.तीन दिनों की गहन जांच के बाद इस घोटाले का खुलासा हुआ.पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि निकाली गई रकम कहां-कहां भेजी गई और इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हो सकते है.फिलहाल एक आरोपी की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि बाकी की तलाश और जांच जारी है.
रिपोर्ट-संतोष वर्मा