जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा प्रखंड में एक बार फिर विस्फोटक मिलने से दहशत है. बरागाड़िया पंचायत के पानीपाड़ा गांव में बुधवार देर शाम ग्रामीणों ने स्वर्णरेखा नदी से एक संदिग्ध सिलेंडर बम बरामद किया था. बम मिलने की खबर फैलते ही गांव में दहशत का माहौल बन गया. सूचना मिलते ही बहरागोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी. फिलहाल बम को नदी किनारे सुरक्षित स्थान पर पुलिस निगरानी में रखा गया है. एहतियात के तौर पर आसपास के ग्रामीणों के आने-जाने पर रोक लगा दी गई है, ताकि किसी प्रकार की अनहोनी से बचा जा सके. पुलिस ने बम को निष्क्रिय करने के लिए सेना की बम निरोधक टीम को पत्र भेजा है. टीम के पहुंचने के बाद ही बम को सुरक्षित तरीके से डिफ्यूज किया जाएगा. बहरागोड़ा थाना प्रभारी शंकर प्रसाद कुशवाहा ने कहा कि बम को निष्क्रिय करने के लिए सेना को पत्र लिखा गया है. ग्रामीणों के वहां जाने पर रोक लगाई गई है.
पहले भी यहां मिल चुका है बम
इससे पहले भी बहरागोड़ा में बम मिल चुका है. 17 मार्च को भी पानीपाड़ा गांव में स्वर्णरेखा नदी के नदी के किनारे एक बम बरामद हुआ था. जबकि 24 मार्च को भी द्वितीय विश्व युद्ध काल का एक अमेरिकन बम बरामद हुआ था. सेना और पुलिस की निगरानी में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बम को निष्क्रिय किया गया था. अब एक बार फिर बम मिलने से इलाके में हड़कंप मचा है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.