रांची(RANCHI): लंबे अंतराल के बाद झारखंड को आखिरकार नया लोकायुक्त मिलने जा रहा है. यह नियुक्ति राज्य की न्यायिक व्यवस्था और पारदर्शिता के लिए एक अहम कदम मानी जा रही है. झारखंड उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति अमिताभ कुमार गुप्ता 21 अप्रैल यानी कल को पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे. शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन रांची स्थित लोकभवन में सुबह 11:30 बजे किया जाएगा. संतोष कुमार गंगवार उन्हें पद की शपथ दिलाएंगे. इस अवसर पर हेमंत सोरेन समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे.
शपथ लेने के तुरंत बाद जस्टिस गुप्ता लोकायुक्त के रूप में अपना कार्यभार संभाल लेंगे. इससे लंबे समय से खाली पड़े इस महत्वपूर्ण पद पर सक्रियता लौटेगी और राज्य में भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों की सुनवाई में तेजी आने की उम्मीद है. पिछले पांच वर्षों से यह पद रिक्त रहने के कारण लोकायुक्त कार्यालय में कामकाज प्रभावित रहा था.
न्यायिक अनुभव की बात करें तो जस्टिस गुप्ता का करियर काफी लंबा रहा है. वे साल 1997 से न्यायिक सेवा में जुड़े रहे हैं और कई अहम मामलों की सुनवाई कर चुके हैं. वे बहुचर्चित चारा घोटाला मामले की सुनवाई से भी जुड़े रहे हैं. इसके अलावा वे झारखंड विद्युत नियामक आयोग के अध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पद पर भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं.