रांची (RANCHI): झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद (JCECEB) ने बीएड प्रवेश परीक्षा 2026 के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिया है. जिन अभ्यर्थियों ने परीक्षा के लिए आवेदन किया था, वे अब आधिकारिक वेबसाइट से अपना हॉल टिकट डाउनलोड कर सकते हैं. परीक्षा में शामिल होने के लिए एडमिट कार्ड अनिवार्य होगा. इसके बिना किसी भी उम्मीदवार को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं मिलेगा.
उम्मीदवार JCECEB की आधिकारिक वेबसाइट से रजिस्ट्रेशन नंबर और पासवर्ड की मदद से अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं. पर्षद की ओर से अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के बाद उसमें दर्ज सभी जानकारियों की जांच जरूर कर लें.
ऐसे डाउनलोड करें एडमिट कार्ड
एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के लिए सबसे पहले JCECEB की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं. इसके बाद होमपेज पर दिए गए “Admit Card” सेक्शन पर क्लिक करें. वहां “Jharkhand B.Ed Admit Card 2026” लिंक दिखाई देगा, जिस पर क्लिक करने के बाद लॉगिन पेज खुलेगा. यहां अपना रजिस्ट्रेशन नंबर और पासवर्ड दर्ज करते ही एडमिट कार्ड स्क्रीन पर खुल जाएगा. उम्मीदवार इसे डाउनलोड कर प्रिंट आउट निकाल लें.
झारखंड बीएड प्रवेश परीक्षा 31 मई 2026 को राज्य के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी. परीक्षा कुल 100 अंकों की होगी. इसमें गलत उत्तर देने पर नेगेटिव मार्किंग भी लागू रहेगी, यानी प्रत्येक गलत जवाब पर एक-चौथाई अंक काटे जाएंगे. परीक्षा में भाषा प्रवीणता से 30 प्रश्न, टीचिंग एप्टीट्यूड से 40 प्रश्न और रीजनिंग से 30 प्रश्न पूछे जाएंगे. अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि परीक्षा केंद्र पर समय से पहले पहुंचें और एडमिट कार्ड के साथ वैध पहचान पत्र भी जरूर लेकर जाएं.