जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): जमशेदपुर की नवल टाटा हॉकी अकादमी (एनटीएचए) ने एक बार फिर देशभर में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है. अकादमी के तीन युवा खिलाड़ी प्रेमचंद सोय, जैसन कंडुलना और आशीष तानी पूर्ति का चयन भारतीय अंडर-18 पुरुष हॉकी टीम में हुआ है. ये खिलाड़ी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली चार मैचों की सीरीज में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे. 15 से 20 मई 2026 तक आयोजित होने वाली यह सीरीज भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के सेंट्रल सेंटर में खेली जाएगी. आगामी अंडर-18 एशिया कप से पहले इस सीरीज को टीम की तैयारी के लिए बेहद अहम माना जा रहा है. राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर में शानदार प्रदर्शन के बाद इन खिलाड़ियों ने अंतिम 24 सदस्यीय भारतीय टीम में जगह बनाई. एक सप्ताह तक चले कैंप में देशभर के 42 संभावित खिलाड़ियों का तकनीकी कौशल, फिटनेस, रणनीति और मैच प्रदर्शन के आधार पर परीक्षण किया गया था.
शानदार प्रदर्शन के लिए जाने जाते हैं खिलाड़ी
टीम में आशीष तानी पूर्ति को डिफेंडर, प्रेमचंद सोय को मिडफील्डर और जैसन कंडुलना को फॉरवर्ड की जिम्मेदारी दी गई है. तीनों खिलाड़ी अपने-अपने विभाग में शानदार प्रदर्शन के लिए जाने जाते हैं और टीम को मजबूती देने की क्षमता रखते हैं. एनटीएचए के प्रोजेक्ट डायरेक्टर गुरमीत सिंह राव ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनकी मेहनत, अनुशासन और समर्पण का नतीजा है. अकादमी लगातार युवा खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और प्रतिस्पर्धी माहौल उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।
जापान में होगा एशिया कप
जानकारी को की पुरुष अंडर-18 एशिया कप 29 मई से 6 जून 2026 तक जापान के काकामिगाहारा में आयोजित होगा. ऑस्ट्रेलिया सीरीज को इसी बड़े टूर्नामेंट की तैयारी का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है. तीनों खिलाड़ी अपना बेहतर खेल दिखाने को तैयार है.