जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): जमशेदपुर में ट्रैफिक जाम की समस्या से जूझ रहे मानगो क्षेत्र के लोगों के लिए राहत की खबर है. बहुप्रतीक्षित मानगो फ्लाईओवर का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है. 31 जुलाई तक इसका निर्माण पूरा होने की संभावना है. इस 2.8 किमी लंबा फ्लाईओवर के बन जाने से रोजाना जाम में फंसने वाले हजारों लोगों को बड़ी राहत मिलेगी. 252 करोड़ रुपए की लागत से बन रहे इस 4-लेन फ्लाईओवर के सभी 57 पिलर खड़े हो चुके है. फ्लाईओवर बन जाने से साकची से डिमना तक सीधे संपर्क आसान हो जाएगा. अभी इस सड़क पर काफी जाम लगता है. इसमें लोग घंटों जाम फंसे रहते हैं. ऐसे में फ्लाईओवर का निर्माण होने से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी. मानगो फ्लाईओवर का निर्माण जमशेदपुर के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है. यह आने वाले समय में शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद करेगा.
रोजाना तीन टाइम लगता है जाम
अभी मानगो की जनता जाम की भीषण जाम की समस्या झेल रहे हैं. अभी मानगो में तीन टाइम जाम लगता है. सुबह, दोपहर और शाम में यहां रोज जाम लगता है. इसके कारण लोगों को भारी परेशानी होती है. जाम में सैकड़ों वाहन फंसे रहते है. मानगो में लगा जाम का असर साकची तक पहुंच जाता है. वाहनों की कतार साकची स्थित मरीन ड्राइव गोलचक्कर तक पहुंच जाता है. बस स्टैंड गोलचक्कर, ओल्ड पुरुलिया रोड, डिमना रोड और मानगो पायल सिनेमा रोड में भी जाम लगता है. इसके कारण सुबह स्कूल जाने वाले बच्चे, काम पर जाने वाले लोग परेशान रहते है. फ्लाईओवर का निर्माण पूरा होने से बड़ी-बड़ी गाड़ियां इसके ऊपर से गुजरेगी, इससे जाम से राहत मिलेगी.
क्या कहते है अधिकारी
पथ निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता दीपक सहाय ने कहा कि 31 जुलाई तक फ्लाईओवर तैयार हो जाएगा. काम काफी तेजी से चल रहा है. 31 जुलाई इसका निर्धारित समय है. फ्लाई ओवर तैयार होने के बाद मानगो में ट्रैफिक की समस्या खत्म हो जाएगी. 2.8 किमी लंबा यह फ्लाईओवर 252 करोड़ की लागत से बन रहा है.