रांची(RANCHI): रांची में आईसीआईसीआई बैंक के रिलेशनशिप मैनेजर विकास कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है. विकास कुमार मोरहाबादी स्थित आईसीआईसीआई बैंक शाखा में कार्यरत थे और अशोक नगर के बुद्ध विहार रोड नंबर-1 में रहते थे. मामले को लेकर मृतक के परिवार ने हत्या की आशंका जताते हुए अरगोड़ा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है.
विकास कुमार के बड़े भाई विक्की कुमार ने अपनी शिकायत में उनकी पत्नी शिवानी शंकर पर गंभीर आरोप लगाए हैं. शिवानी की मां ने फोन कर जानकारी दी कि विकास ने फांसी लगा ली है और उनका शव पारस अस्पताल में रखा गया है.
सूचना मिलने के बाद परिवार की ओर से कुछ लोग अस्पताल पहुंचे. शिकायत में कहा गया है कि अस्पताल में शव देखने के दौरान विकास के गले और चेहरे पर चोट के निशान दिखाई दिए. इसके अलावा पेट फूला हुआ था, होंठ नीले पड़े थे और हाथ के अंगूठे पर स्याही जैसे निशान भी मौजूद थे. इन परिस्थितियों के बाद परिवार ने मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई.
बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेजा गया. प्राथमिकी में यह भी उल्लेख किया गया है कि शव गृह से पोस्टमार्टम के लिए ले जाने के दौरान जब परिवार के लोग चोट के निशानों और हाथ पर लगे स्याही के निशान का वीडियो बना रहे थे, तब शिवानी शंकर की अधिवक्ता मित्र ने उन्हें धमकी दी.
परिवार का आरोप है कि विकास कुमार की हत्या कर मामले को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई और शव को फंदे से लटका दिया गया. मामले में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद अरगोड़ा थाना पुलिस जांच में जुट गई है. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है.