जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): झारखंड के मशहूर पर्यटन स्थल दलमा वन्यजीव अभयारण्य में अब सैलानियों के अनुभव को और खास बनाने की तैयारी की जा रही है. प्राकृतिक सुंदरता के बीच यहां आने वाले पर्यटकों को हैंगिंग इको रेस्ट हाउस तैयार किया जा रहा है. यह हैंगिंग रेस्ट हाउस पर्यटकों को नया अनुभव देगा. वन विभाग जल्द इसका निर्माण पूरा होने का दावा कर रहा है. दलमा के पिंडराबेड़ा में 15 कमरों वाला आधुनिक हैंगिंग इको रेस्ट हाउस तैयार किया जा रहा है. इस रेस्ट हाउस का आधा हिस्सा पहाड़ से लटका रहेगा. ताकि पर्यटक प्रकृति के बिल्कुल करीब रहकर जंगल का अनुभव ले सकें. खास बात यह है कि यहां ठहरने वाले पर्यटक सुबह की धुंध, पक्षियों की चहचहाहट और हरियाली से भरे दृश्य का सीधा आनंद ले पाएंगे. पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यहां एक आधुनिक रेस्टोरेंट भी बनाया जा रहा है. अब तक पिंडराबेड़ा इलाके में खाने-पीने की समुचित व्यवस्था नहीं थी, लेकिन इस नई पहल से यह कमी भी दूर हो जाएगी. इससे पर्यटकों को बेहतर और सुविधाजनक अनुभव मिलेगा. दलमा डीएफओ सबा आलम अंसारी ने कहा कि इस फाइनेंशियल ईयर तक नए रेस्ट हाउस का निर्माण पूरा कर लिया जाएगा. निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है.
मकुलाकोचा में भी आधुनिक रेस्ट हाउस बन रहा
पिंडरबेड़ा के अलावा दलमा के मकुलाकोचा में भी 15 कमरों वाला एक और रेस्ट हाउस तैयार किया जा रहा है. हालांकि यह हैंगिंग नहीं होगा. इसे आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा. इस रेस्ट हाउस का निर्माण भी तेजी से चल रहा है. दोनों परियोजनाओं पर कुल 11 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं. ये राशि पर्यटन विभाग द्वारा वन विभाग को उपलब्ध कराई गई है. अधिकारियों का दावा है कि मई महीने तक दोनों रेस्ट हाउस पूरी तरह तैयार हो जाएंगे. इन नई सुविधाओं के शुरू होने के बाद दलमा न सिर्फ प्रकृति प्रेमियों बल्कि एडवेंचर और इको-टूरिज्म के शौकीनों के लिए भी एक आकर्षक डेस्टिनेशन बन जाएगा. बीते दिनों राज्य के प्रधान मुख्य वन संरक्षक संजीव कुमार ने रेस्ट हाउस निर्माण का निरीक्षण किया था. इस दौरान उन्होंने कहा था कि नए रेस्ट हाउस यहां आने वाले पर्यटकों को प्रकृति और जंगल का बेहतर अनुभव देगा.
पर्यटन मंत्री ने किया था शिलान्यास
इसी साल 7 फरवरी को राज्य के पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने इन परियोजनाओं का शिलान्यास किया था. इसके बाद से रेस्ट हाउस निर्माण का काम तेजी से किया जा रहा है. रेस्ट हाउस निर्माण के शिलान्यास के अलावा पांच नए सफारी वाहनों को हरी झंडी भी मंत्री ने दिखाई थी. दलमा में अब सफारी वाहनों की संख्या 9 हो गई है.
दलमा में है राज्य का हैंगिंग ब्रिज
दलमा में राज्य का पहला हैंगिंग ब्रिज भी बनाया गया है. मकुलाकोचा में इस ब्रिज का निर्माण किया गया है. पर्यटक इसपर चढ़ प्रकृति का आनंद ले रहे है. करीब 2 साल पहले इस ब्रिज का निर्माण हुआ है. इस हैंगिंग ब्रिज को एक से दूसरे पेड़ से जोड़ कर बनाया गया है. ब्रिज लकड़ी का बनाया गया है. वन विभाग का मानना है कि इस ब्रिज पर चढ़ लोगों को पशु पक्षियों को करीब से देखने का मौका मिलता है.