चाईबासा (CHAIBASA): पश्चिमी सिंहभूम जिले में स्थित सारंडा जंगल में एक बार फिर सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई है. बुधवार को चलाए जा रहे सर्च ऑपरेशन के दौरान पुलिस और नक्सली आमने-सामने आ गए. इसके बाद दोनों ओर से रुक-रुक कर फायरिंग जारी है. जानकारी के अनुसार यह मुठभेड़ कुख्यात इनामी माओवादी नेता मिसिर बेसरा के दस्ते के साथ हो रही है. सुरक्षाबलों को गुप्त सूचना मिली थी कि नक्सली संगठन इस इलाके में सक्रिय हैं और कैंप बदल रहे हैं. इसी सूचना के आधार पर सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन, झारखंड जगुआर और जिला पुलिस की संयुक्त टीम सर्च ऑपरेशन पर निकली थी. इस मुठभेड़ में एक जवान को गोली लगने की सूचना है. जिसे एयर लिफ्ट कर रांची लाने की तैयारी है.
अचानक शुरू की फायरिंग
पुलिस को देखते ही नक्सलियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी. इसके जवाब में जवानों ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की. दोनों ओर से हुई गोलीबारी के बाद इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है. इस मुठभेड़ में कई नक्सलियों के मारे जाने की आशंका जताई जा रही है. हालांकि अब तक किसी भी शव की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है. सुरक्षाबलों ने पूरे क्षेत्र को घेर लिया है और अतिरिक्त बलों को भी मौके पर भेजा गया है ताकि ऑपरेशन को और मजबूत किया जा सके.
एसपी ने की पुष्टि
पश्चिमी सिंहभूम के एसपी अमित रेणु ने मुठभेड़ की है. उन्होंने बताया कि बताया कि सारंडा के उत्तर-पूर्वी इलाके में नक्सलियों के साथ लगातार मुठभेड़ जारी है. नक्सलियों की ओर से बीच-बीच में फायरिंग की जा रही है और सुरक्षाबल पूरी सतर्कता के साथ जवाब दे रहे हैं. एसपी ने स्पष्ट किया कि ऑपरेशन अभी जारी है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में आने के बाद ही विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी. फिलहाल पूरे क्षेत्र में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है और सुरक्षाबल सघन सर्च अभियान चला रहे हैं.