बोकारो (BOKARO): जिले में एक पत्रकार के साथ कथित दुर्व्यवहार का मामला सामने आने के बाद मीडिया जगत में नाराजगी बढ़ गई है. एक दैनिक अखबार से जुड़े पत्रकार युधिष्ठिर महतो ने चास-बोकारो में तैनात महिला एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट जया कुमारी पर पद के दुरुपयोग और अभद्र व्यवहार का गंभीर आरोप लगाया है. घटना के बाद पत्रकार संगठनों ने निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग तेज कर दी है.
जानकारी के मुताबिक, पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र निवासी पत्रकार युधिष्ठिर महतो मंगलवार को सुभाष चौक के पास मौजूद थे. इसी दौरान “एक्सक्यूटिव मजिस्ट्रेट, चास-बोकारो” लिखी सरकारी बोलेरो गाड़ी खराब हो गई थी और कुछ लोग उसे धक्का लगा रहे थे. पत्रकार होने के नाते उन्होंने उस दृश्य की तस्वीर अपने मोबाइल कैमरे से ले ली.
युधिष्ठिर महतो का आरोप है कि फोटो खींचते ही गाड़ी में मौजूद महिला अधिकारी बाहर निकलीं और बिना कुछ पूछे उनका कॉलर पकड़ लिया. उन्होंने आरोप लगाया कि महिला मजिस्ट्रेट ने खुद को अधिकारी बताते हुए उनके साथ गाली-गलौज की और बाद में पुलिस पेट्रोलिंग वाहन से उन्हें जबरन पिंड्राजोरा थाना ले जाया गया. वहां कुछ समय तक उन्हें बैठाकर रखा गया. घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में पत्रकार और मीडिया कर्मी पिंड्राजोरा थाना पहुंच गए. पत्रकारों ने महिला अधिकारी के खिलाफ लिखित शिकायत देते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की.
पत्रकार युधिष्ठिर महतो ने कहा कि वह लंबे समय से निष्पक्ष पत्रकारिता कर रहे हैं, लेकिन इस घटना से उनकी छवि और सम्मान को ठेस पहुंची है. उन्होंने संबंधित अधिकारी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है. घटना के बाद बोकारो के पत्रकारों में काफी आक्रोश है. मीडिया कर्मियों का कहना है कि यदि एक पत्रकार के साथ इस तरह का व्यवहार होता है, तो यह प्रेस की स्वतंत्रता और अभिव्यक्ति के अधिकार पर गंभीर सवाल खड़े करता है. पत्रकार संगठनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है.