पाकुड़ (PAKUR): जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक बेटे पर अपने ही पिता की हत्या करने का आरोप लगा है. यह सनसनीखेज मामला नगर थाना क्षेत्र के कित्ताझोर मोहल्ले का है. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और सन्नाटा पसरा हुआ है. जानकारी के अनुसार, 65 वर्षीय अनूप सरदार बीती देर रात अपने बेटे दिवाकर सरदार के साथ घर में शराब पी रहे थे. इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया. पहले मामूली बहस हुई, लेकिन देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर बेटे ने अपना आपा खो दिया.
आरोप है कि दिवाकर सरदार ने घर में रखे हसुआ से अपने पिता पर हमला कर दिया. उसने अनूप सरदार के सिर पर वार किया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए. हमला इतना जोरदार था कि मौके पर ही उनकी मौत हो गई. घटना के बाद घर में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे. स्थानीय लोगों ने तुरंत मामले की सूचना पुलिस को दी. खबर मिलते ही नगर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और हालात का जायजा लिया. पुलिस ने आरोपी बेटे दिवाकर सरदार को मौके से गिरफ्तार कर लिया. वहीं शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पाकुड़ सदर अस्पताल भेज दिया गया है.
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में मामला पारिवारिक विवाद और शराब के नशे से जुड़ा प्रतीत हो रहा है. हालांकि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है. घटना में इस्तेमाल किए गए हसुआ को भी बरामद कर लिया गया है. इस घटना ने एक बार फिर समाज में बढ़ती नशाखोरी और पारिवारिक हिंसा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. जिस बेटे को बुजुर्ग पिता ने पाल-पोसकर बड़ा किया, उसी पर उनकी जान लेने का आरोप लगने से लोग स्तब्ध हैं. इलाके में इस घटना की चर्चा पूरे दिन होती रही और लोग इसे रिश्तों के टूटते विश्वास की भयावह तस्वीर बता रहे हैं.
रिपोर्ट : विकास कुमार