दुमका (DUMKA) : चैती नवरात्र के बीच शुक्रवार को रामनवमी के मद्देनजर दुमका जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है. झारखंड की उपराजधानी दुमका में पर्व त्योहार शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हो, इसके लिए प्रशासन लगातार तैयारी और निगरानी में जुटा है. शांति समिति की बैठकों के बाद अब जमीनी स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है.
शहर में निकाला गया फ्लैग मार्च
इसी क्रम में गुरुवार शाम नगर थाना से फ्लैग मार्च निकाला गया. प्रशिक्षु आईएएस सह प्रभारी एसडीओ के नेतृत्व में निकले इस मार्च में सदर सीओ, एसडीपीओ समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल शामिल हुए. फ्लैग मार्च नगर थाना से निकलकर शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए वापस थाना परिसर पहुंचा.
सुरक्षा का संदेश, दिखी सख्ती
फ्लैग मार्च के दौरान अधिकारियों की सक्रिय मौजूदगी से शहर में सुरक्षा का माहौल मजबूत हुआ. पुलिस बल ने विभिन्न चौक चौराहों पर गश्त कर आम लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया और किसी भी आपात स्थिति से निपटने की तत्परता दिखाई.
अफवाहों पर सख्त नजर
अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे आपसी भाईचारे के साथ पर्व मनाएं और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखी जा रही है और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
शांतिपूर्ण आयोजन पर जोर
जिला प्रशासन ने कहा कि त्योहारों के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है. सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं ताकि दुमका में रामनवमी और नवरात्र का पर्व पूरी शांति, सुरक्षा और सौहार्द के साथ संपन्न हो सके.
रिपोर्ट - पंचम झा