चतरा (CHATRA): जिले से एक बेहद दर्दनाक और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां मामूली घरेलू विवाद के बाद एक नवविवाहिता ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी. घटना प्रतापपुर थाना क्षेत्र के विधायक मोहल्ला की बताई जा रही है. मृतका की पहचान 20 वर्षीय नैयना प्रवीण के रूप में हुई है, जिसकी शादी करीब एक महीने पहले ही गुलजार नामक युवक से हुई थी.
प्रतापपुर थाना क्षेत्र की इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई. मामले में मृतका के पति गुलजार को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस को दिए बयान में गुलजार ने बताया कि गोलगप्पा खाने को लेकर दोनों के बीच मामूली विवाद हुआ था, जिसके बाद नैयना काफी नाराज हो गई थी. उसने पत्नी को समझाने और मनाने की कई कोशिशें कीं, लेकिन वह शांत नहीं हुई.
बताया जा रहा है कि शाम को पति-पत्नी के बीच गोलगप्पे खाने को लेकर हल्की कहासुनी हुई थी, जिसके बाद नाराज होकर नैयना अपने कमरे में चली गई और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया. काफी देर तक कमरे से कोई हलचल नहीं होने पर घरवालों को अनहोनी की आशंका हुई. परिजनों ने काफी प्रयास के बाद दरवाजा खोला तो अंदर का दृश्य देखकर सभी स्तब्ध रह गए. कमरे में नैयना का शव दुपट्टे के सहारे सीलिंग फैन से लटका मिला.
घटना की खबर पूरे इलाके में तेजी से फैल गई, जिसके बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतारकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए चतरा सदर अस्पताल भेज दिया. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और घटना के हर पहलू को खंगाला जा रहा है.