धनबाद (DHANBAD): धनबाद जिले के टुण्डी थाना क्षेत्र अंतर्गत कमारटीह में CSP संचालक से हुई लूटकांड का पुलिस ने सफलतापूर्वक उद्भेदन कर लिया है.इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.
पढ़े पूरा मामला क्या है
इस संदर्भ में शुक्रवार को जानकारी देते हुए धनबाद डीएसपी 02 डीएन बंका ने बताया कि घटना 13 अप्रैल 2026 की दोपहर करीब 2:50 बजे की है, जब तीन अज्ञात अपराधी सफेद गमछे से अपना चेहरा ढककर CSP संचालक सुनील मुर्मू की दुकान में घुस आए. अपराधियों ने पिस्टल का भय दिखाकर 78,750 रुपये लूट लिए और मौके से फरार हो गए.घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया था.
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू की
मामले को गंभीरता से लेते हुए टुण्डी थाना में कांड संख्या 28/26 दर्ज कर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू की. वरीय पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर घटनास्थल एवं आसपास के दुकानों में लगे CCTV कैमरों की जांच की गई. जांच के दौरान मिले फुटेज के आधार पर गोविंदपुर थाना क्षेत्र के सुन्दरपहाड़ी निवासी डिग्गू गोप (28 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई.
अन्य साथियों के नामों का भी खुलासा
गहन पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया और अपने दो अन्य साथियों के नामों का भी खुलासा किया.आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त ग्लैमर मोटरसाइकिल घटना के समय पहना गया जूता तथा 1,120 रुपये नगद बरामद किया है.फिलहाल पुलिस फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है. पुलिस अधिकारियों ने जल्द ही पूरे मामले का पूर्ण खुलासा करने का दावा किया है.
रिपोर्ट-नीरज कुमार