पलामू(PALAMU): जिले के नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के झरहा गांव में एक शर्मनाक घटना सामने आई है. गांव में आयोजित तिलक समारोह के दौरान छह साल के मासूम बच्चे के साथ यौन शोषण की वारदात ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया. घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
घटना 15 मई की रात की है. गांव में तिलक समारोह चल रहा था, जहां बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए थे. देर रात तक कार्यक्रम का माहौल बना हुआ था. इसी दौरान आरोपी ने मौके का फायदा उठाते हुए शामियाने में सो रहे मासूम बच्चे को अपने साथ ले गया. बताया जा रहा है कि आरोपी बच्चे को गांव के बाहर एक सुनसान जगह पर ले गया, जहां उसके साथ मारपीट की गई और फिर वारदात को अंजाम दिया गया.
घटना की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित परिवार सदमे में आ गया और तुरंत नौडीहा बाजार थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई. शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी. कई दिनों तक चली जांच और पूछताछ के बाद पुलिस ने गांव के ही 24 वर्षीय नितेश ठाकुर उर्फ हरि को हिरासत में लिया.
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया. उसने बताया कि घटना वाले दिन उसने काफी मात्रा में शराब पी रखी थी. नशे की हालत में वह तिलक समारोह से लौट रहा था, तभी उसकी नजर शामियाने में सो रहे बच्चे पर पड़ी. इसके बाद वह बच्चे को उठाकर गांव के बाहर सुनसान जगह पर ले गया, जहां उसने बच्चे के साथ मारपीट की और इस घिनौने अपराध को अंजाम दिया. आरोपी के कबूलनामे के बाद पुलिस ने उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया. मेडिकल जांच और अन्य कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया जाएगा