बोकारो (BOKARO): जिले से फर्जी वेतन निकासी से जुड़ा एक बड़ा घोटाला सामने आया है, जिसमें CID ने अहम कार्रवाई करते हुए एक होमगार्ड जवान को गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई उस समय हुई जब जांच के दौरान आरोपी के बैंक खाते में एक करोड़ रुपये से अधिक की संदिग्ध रकम के लेन-देन का खुलासा हुआ.
मिली जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार जवान ACP कार्यालय के अकाउंट सेक्शन में तैनात था. उसके खाते में भारी राशि ट्रांसफर होने के बाद जांच एजेंसियों का शक गहराया, जिसके आधार पर CID की विशेष टीम ने मामले में तेजी दिखाई. टीम ने बोकारो पहुंचकर एसपी कार्यालय के लेखा विभाग से जुड़े दस्तावेजों की बारीकी से जांच की.
जांच के दौरान कई संदिग्ध भुगतान और फर्जी एंट्रियां सामने आईं. रिकॉर्ड के मिलान में ऐसे कई मामलों का खुलासा हुआ, जहां बिना वैध प्रक्रिया के वेतन निकासी की गई थी. इन्हीं तथ्यों के आधार पर संबंधित होमगार्ड जवान को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई, जो बाद में गिरफ्तारी में बदल गई.
सूत्रों के मुताबिक, यह घोटाला कोई नया नहीं बल्कि लंबे समय से चल रहा था. अलग-अलग बैंक खातों के जरिए रकम को ट्रांसफर किया जाता था, ताकि लेन-देन को छिपाया जा सके. CID अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल हैं और किस स्तर तक यह फर्जीवाड़ा फैला हुआ है.
जांच के क्रम में SIT ने कई अहम दस्तावेज, बैंक खातों का विवरण, भुगतान आदेश और अन्य संबंधित फाइलें जब्त की हैं. इसके साथ ही ACP कार्यालय के अकाउंट सेक्शन में कार्यरत अन्य कर्मचारियों की भूमिका भी जांच के घेरे में आ गई है. फिलहाल CID पूरे मामले की गहराई से छानबीन कर रही है और जल्द ही इस घोटाले से जुड़े अन्य आरोपियों पर भी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है. यह मामला सरकारी सिस्टम में पारदर्शिता और निगरानी को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है.