रांची (RANCHI): केंद्र सरकार ने आईपीएस अधिकारियों की केंद्रीय प्रतिनियुक्ति को लेकर बड़ा फैसला लिया है. कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन मंत्रालय के अंतर्गत कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) की ओर से जारी आदेश में झारखंड कैडर के कई वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों को केंद्र में आईजी (IG) और समकक्ष पदों पर तैनाती के लिए इम्पैनल किया गया है. प्रधानमंत्री की अध्यक्षता वाली कैबिनेट की नियुक्ति समिति (ACC) ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दी है.
जानकारी के अनुसार गृह मंत्रालय की ओर से 9 अप्रैल 2026 को भेजे गए प्रस्ताव पर विचार करने के बाद कुल 68 आईपीएस अधिकारियों के नामों को मंजूरी दी गई है. वहीं 55 अधिकारियों के नामों को खारिज कर दिया गया, जबकि छह अधिकारियों के मामलों पर फैसला फिलहाल लंबित रखा गया है. इस प्रक्रिया में 2008 बैच के आईपीएस अधिकारियों के लिए प्रोविजनल कट-ऑफ स्कोर 8.76 निर्धारित किया गया था. झारखंड कैडर से जिन अधिकारियों को केंद्र में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के लिए चुना गया है, उनमें 2007 बैच के आईपीएस अखिलेश कुमार झा, मयूर पटेल कन्हैयालाल और राकेश बंसल शामिल हैं. इसके अलावा 2008 बैच के आईपीएस अनीश गुप्ता, एम तमिलवानन और अजय लिंडा को भी इम्पैनल किया गया है.
केंद्र में इम्पैनल होना किसी भी आईपीएस अधिकारी के करियर में बड़ी उपलब्धि माना जाता है. इसके जरिए अधिकारियों को केंद्रीय एजेंसियों, सुरक्षा संगठनों और महत्वपूर्ण प्रशासनिक पदों पर सेवा देने का अवसर मिलता है. माना जा रहा है कि इन अधिकारियों के अनुभव और कार्यशैली को देखते हुए उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई है. झारखंड कैडर के अधिकारियों को मिली इस उपलब्धि को राज्य पुलिस महकमे के लिए भी अहम माना जा रहा है. इससे राज्य के अधिकारियों की कार्यक्षमता और प्रशासनिक अनुभव को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलने का संकेत माना जा रहा है.