गिरिडीह (GIRIDIH): गिरिडीह जिले से बड़ी खबर सामने आई है, जहां एक दर्दनाक सड़क हादसे के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया. जानकारी के अनुसार गांवा-सतगावां रोड पर जोड़ सिमर के समीप एक असंतुलित सेंट्रो कार ने सड़क किनारे बैठे चार लोगों को कुचल दिया. इस हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. घायलों को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
सड़क किनारे बैठे चारो लोग को सेंट्रो ने रौंदा
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक चारों लोग सड़क किनारे बैठे हुए थे तभी तेज रफ्तार में आ रही सेंट्रो कार अचानक अनियंत्रित हो गई और उन्हें रौंदते हुए पास के पेड़ से जा टकराई. हादसे के बाद चालक को पकड़कर ग्रामीणों ने उसे वाहन से बाहर निकाल लिया और गुस्से में उसे पेड़ से बांध दिया.
आक्रोशितों ने पुलिस वाहन पर किया पथराव
घटना की सूचना मिलते ही झारखंड पुलिस के अंतर्गत गांवा थाना की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया. लेकिन इस दौरान ग्रामीणों का आक्रोश और बढ़ गया. पुलिस को देखते ही लोगों ने विरोध शुरू कर दिया और पुलिस वाहन पर पथराव कर दिया. हालांकि उस समय वाहन में कोई पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था लेकिन पथराव से गाड़ी के शीशे टूट गए और वाहन को नुकसान पहुंचा.
पुलिस मामले की छानबीन में जुटी
इस घटना के बाद इलाके में भारी तनाव का माहौल बन गया है. आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया. प्रशासन द्वारा लोगों को शांत कराने की कोशिश जारी है वहीं अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती भी की गई है ताकि स्थिति को नियंत्रित किया जा सके. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और चालक से पूछताछ की जा रही है. प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है.
रिपोर्ट – दिनेश रजक