रांची (RANCHI): राजधानी रांची के लोअर बाजार थाना क्षेत्र में 27 वर्षीय गर्भवती महिला पूजा कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. बताया जा रहा है कि वह नौ महीने की गर्भवती थी और महज दो दिन बाद उसकी डिलीवरी होने वाली थी. ऐसे में डिलीवरी से महज दो दिन पहले महिला ने अपने घर में आत्महत्या कर ली है. इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और महिला के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया. प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है, हालांकि पुलिस अभी सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
मृतका पूजा कुमारी मूल रूप से डाल्टनगंज की रहने वाली थी. घटना की जानकारी मिलते ही उसके परिजन रांची पहुंच गए और उन्होंने मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की है. परिजनों का आरोप है कि पिछले कुछ दिनों से महिला का अपने ससुराल पक्ष के साथ विवाद चल रहा था, जो इस घटना की वजह हो सकता है. परिजनों ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है. उनका कहना है कि मामले की गहराई से जांच होनी चाहिए ताकि सच्चाई सामने आ सके.
फिलहाल पुलिस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए हर एंगल से जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा. इस घटना ने एक बार फिर घरेलू विवाद और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं.