टीएनपी डेस्क(TNP DESK): सुबह उठते ही एक कप गर्म चाय. यह आदत आज लगभग 60-80% भारतीयों के दिनचर्या का हिस्सा बन चुकी है. कई लोगों को बिना चाय के दिन की शुरुआत अधूरी लगती है. लेकिन सवाल यह है कि क्या खाली पेट चाय पीना सही है या यह सेहत के लिए नुकसानदायक साबित हो सकता है? लोगों की ये आदत चिंता का विषय है.
दरअसल, सुबह खाली पेट चाय पीने से पेट में एसिडिटी की समस्या बढ़ सकती है. चाय में मौजूद कैफीन और टैनिन, एंटीऑक्सीडेंट होता है जो शरीर में एसिड का स्तर बढ़ाते हैं. इससे गैस, जलन और अपच जैसी परेशानियां हो सकती हैं. खासकर जिन लोगों का पाचन खराब होता है उनके लिए यह आदत लंबे समय में नुकसानदायक हो सकती है.
खाली पेट चाय पीने से भूख पर भी असर पड़ता है. कई बार लोग चाय पीने के बाद नाश्ता करने में देरी करते हैं या फिर भूख कम लगती है. इससे शरीर को जरूरी पोषण नहीं मिल पाता. लगातार ऐसा होने पर कमजोरी, थकान और ऊर्जा की कमी महसूस हो सकती है.
हालांकि, कुछ लोग मानते हैं कि सुबह चाय पीने से ताजगी मिलती है और नींद खुल जाती है साथ ही शरीर को तरोताजा महसूस होता है. इसमें कोई दो राय नहीं कि चाय में मौजूद कैफीन शरीर को थोड़ी देर के लिए सक्रिय करता है. लेकिन यह असर अस्थायी होता है. अगर इसे नियमित आदत बना लिया जाए, तो शरीर कैफीन पर निर्भर होने लगता है और बिना चाय के सुस्ती महसूस हो सकती है.
अगर कोई व्यक्ति बिना चाय के अपनी दिन की शुरुआत नहीं कर सकता है तो उलके लिए चाय पीने से पहले हल्का नाश्ता करना बेहतर विकल्प हो सकता है. जैसे कि बिस्कुट, सूखे मेवे खाने के बाद चाय पी जाए, तो इससे पेट पर कम असर पड़ता है. इसके अलावा सुबह खाली पेट गुनगुना पीना भी शरीर के लिए फायदेमंद माना जाता है. इससे पाचन तंत्र बेहतर तरीके से काम करता है और शरीर हाइड्रेट रहता है.
एक और चिंता की बात यह है कि कई लोग बहुत ज्यादा दूध और चीनी वाली चाय पीते हैं. इससे कैलोरी की मात्रा बढ़ जाती है, जो वजन बढ़ने का कारण बन सकती है. अगर दिन की शुरुआत ही ज्यादा मीठी चाय से होती है, तो धीरे-धीरे यह आदत स्वास्थ्य पर असर डाल सकती है.
सुबह खाली पेट चाय पीना सही नहीं माना जाता. अगर आप चाय पीना चाहते हैं, तो पहले हल्का कुछ खा लें या पानी पीकर थोड़ी देर बाद चाय लें. छोटी-सी आदत में बदलाव से सेहत को लंबे समय तक फायदा मिल सकता है. इसलिए अगली बार जब आप सुबह चाय उठाएं, तो एक बार जरूर सोचें कि आपकी यह आदत आपके स्वास्थ्य के लिए कितनी सही है.