TNP DESK: मशहूर पंजाबी सिंगर और अभिनेता Diljit Dosanjh एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह कुछ और है सोशल मीडिया पर उनकी नागरिकता को लेकर काफी सारे सवाल खड़े हो रहे हैं.बताया जा रहा है कि दिलजीत अब भारत के नागरिक नहीं रहे बल्कि उन्होंने अमेरिका की नागरिकता ले ली है.
दिलजीत दोसांझ पिछले कुछ सालों से अमेरिकी पासपोर्ट का इस्तेमाल कर रहे हैं. बताया जा रहा है कि सितंबर 2022 से वे भारत आने-जाने के लिए ई-वीजा का उपयोग कर रहे हैं. इसी के बाद से उनके भारतीय नागरिक होने को लेकर सवाल उठने लगे हैं.
सूत्रों के हवाले से सामने आई जानकारी में यह भी कहा गया है कि दिलजीत के पास OCI यानी ओवरसीज सिटिजन ऑफ इंडिया कार्ड भी नहीं है. रिपोर्ट्स के अनुसार, उनका आखिरी भारतीय पासपोर्ट साल 2018 में मुंबई से जारी हुआ था. इससे पहले उनका एक पासपोर्ट जाम्बिया से इश्यू हुआ था.
इतना ही नहीं, दावा यह भी किया जा रहा है कि दिलजीत की पत्नी संदीप कौर भी अमेरिकी नागरिक हैं. अमेरिकी नागरिकता लेते समय दिलजीत ने कैलिफोर्निया स्थित अपने पांच बेडरूम वाले घर का पता आधिकारिक दस्तावेजों में दिया था. हालांकि इन दावों पर अभी तक दिलजीत दोसांझ की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.
दिलजीत की नागरिकता को लेकर यह चर्चा ऐसे समय में शुरू हुई है जब पंजाब की राजनीति में उनके आने को लेकर भी अटकलें लगाई जा रही थीं. कुछ समय पहले एक सामाजिक संगठन ने उनसे पंजाब की राजनीति में आने और नेतृत्व संभालने की अपील की थी. संगठन का कहना था कि पंजाब को ड्रग्स और बेरोजगारी जैसी समस्याओं से बाहर निकालने के लिए दिलजीत जैसे लोकप्रिय चेहरे की जरूरत है.
हालांकि Diljit Dosanjh ने साफ तौर पर राजनीति में आने से इनकार कर दिया था. उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा था कि उनका काम लोगों का मनोरंजन करना है और वे इसी क्षेत्र में खुश हैं. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया था कि उनका राजनीति में आने का कोई इरादा नहीं है.
वहीं Bhagwant Mann ने भी इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए दावा किया था कि कुछ राजनीतिक ताकतें दिलजीत को पंजाब की राजनीति में लाने की कोशिश कर रही हैं.
अगर रिपोर्ट्स सही साबित होती हैं और दिलजीत वास्तव में अमेरिकी नागरिक हैं, तो भारतीय कानून के अनुसार वे भारत में चुनाव नहीं लड़ सकते. भारतीय संविधान और नागरिकता कानून के तहत चुनाव लड़ने के लिए भारतीय नागरिक होना जरूरी है. ऐसे में यदि भविष्य में वे राजनीति में आने का फैसला करते हैं, तो उन्हें दोबारा भारतीय नागरिकता लेनी पड़ सकती है.
भारतीय नागरिकता कानून के मुताबिक, किसी विदेशी नागरिक को भारत की नागरिकता लेने के लिए कई कानूनी प्रक्रियाओं और निवास संबंधी शर्तों को पूरा करना होता है. इसमें लंबे समय तक भारत में रहना भी शामिल है.
दिलचस्प बात यह है कि दिलजीत अक्सर अपने कॉन्सर्ट्स में खुद को “मैं हूं पंजाब” कहकर संबोधित करते हैं. अब सोशल मीडिया पर कुछ लोग इसे उनकी पहचान और नागरिकता से जोड़कर भी देख रहे हैं. फिलहाल, इस पूरे मामले पर दिलजीत दोसांझ की आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है.