TNP DESK: म्यूजिक कंपोजर पलाश मुछाल के खिलाफ महाराष्ट्र के सांगली में केस दर्ज किया गया है. उनपर एससी और एसटी ऐक्ट के मामले में केस दर्ज हुआ है. यह शिकायत उनकी एक्स मंगेतर स्मृति मंधाना की बचपन की दोस्त विज्ञान प्रकाश माने ने कराई है. बताया जा रहा है की पलाश ने खिलाफ जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया और साथ ही धोखाधड़ी की.
पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, यह घटना 22 नवंबर को सांगली-आष्टा रोड पर एक टोल प्लाजा के पास हुई. शिकायतकर्ता का कहना है कि बहस के दौरान पलाश ने उन्हें अपमानजनक और जातिसूचक टिप्पणियां कीं. इस मामले में पुलिस ने एससी/एसटी एक्ट की धारा 3(1) के अलावा भारतीय न्याय संहिता की धारा 351(2) और 352 के तहत केस दर्ज किया है.
जांच में सामने आया है कि विवाद की जड़ पैसों का लेन-देन है. आरोप है कि पलाश मुछाल ने एक फिल्म प्रोजेक्ट के नाम पर विज्ञान माने से करीब 25 लाख रुपये लिए थे और छह महीने में काम पूरा करने का भरोसा दिया था. लेकिन तय समय के भीतर प्रोजेक्ट पूरा नहीं हुआ, जिसके बाद माने ने अपने पैसे वापस मांगने शुरू किए. इसी मुद्दे पर दोनों के बीच विवाद बढ़ा.
विज्ञान माने ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उन्हें फिल्म जल्द पूरी होने का भरोसा दिया गया था, लेकिन ऐसा नहीं हुआ. उनका आरोप है कि पैसे मांगने पर पलाश टालमटोल करने लगे और बाद में उन्होंने आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया, जिसे वह दोहराना भी नहीं चाहते. उन्होंने इस व्यवहार को बेहद परेशान करने वाला बताया.
इस मामले के अलावा, पलाश मुछाल का नाम पहले भी स्मृति मंधाना के साथ उनके निजी संबंधों को लेकर चर्चा में रहा है. दोनों लंबे समय तक रिलेशनशिप में थे और उनकी सगाई भी हो चुकी थी. खबरें थीं कि नवंबर 2025 में सांगली में उनकी शादी हो सकती है, लेकिन कुछ समय पहले दोनों ने सोशल मीडिया के जरिए अलग होने की जानकारी दे दी थी.