टीएनपी डेस्क (TNP DESK): बिहार के पूर्वी चंपारण जिले से एक बेहद खौफनाक मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है.बताया जा रहा है कि हरसिद्धि थाना क्षेत्र में एक युवक के साथ बेरहमी की सारी हदें पार कर दी गई.जानकारी के अनुसार, बदमाशों ने पहले युवक की आंखें फोड़ दीं. इसके बाद उसके गुप्तांग को काट दिया गया.वहीं, युवक की हत्या करने के बाद शव को पंखे से लटका दिया गया.इस खौफनाक वारदात की खबर फैलते ही पूरे इलाके में दहशत का माहौल है.
पढ़े पूरा मामला
मृतक की पहचान 25 वर्षीय अजय कुमार के रूप में हुई है.परिजनों के मुताबिक अजय पंजाब के लुधियाना में काम करता था और दो दिन पहले ही गांव लौटा था. गांव में ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रम चल रहा था, जिसे देखने के लिए वह घर से निकला था, लेकिन रातभर वापस नहीं लौटा.सुबह परिजन उसकी तलाश कर रहे थे, तभी घर से करीब 200 मीटर दूर नहर किनारे एक बथान में उसका शव फंदे से लटका मिला.शव की हालत इतनी भयावह थी कि देखने वालों की रूह कांप गई.पुलिस के अनुसार, हत्यारों ने बड़ी बेरहमी से पहले उसकी दोनों आंखें फोड़ दीं और गुप्तांग काट डाला. शरीर पर कई जगह गंभीर चोट के निशान भी मिले है.
अफेयर की खबरें भी आ रही है सामने
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक करीब दो महीने पहले अजय का एक महिला के साथ वीडियो वायरल हुआ था. पुलिस प्रेम प्रसंग के एंगल से मामले की जांच कर रही है. डीएसपी रवि कुमार ने भी प्रारंभिक जांच में प्रेम प्रसंग की आशंका जताई है. फिलहाल पुलिस ने शक के आधार पर एक महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.